जनवाणी संवाददाता|
मुजफ्फरनगर: एलजी के शोरूम में संदिग्ध परिस्थितियों के चलते आग लग गयी, जिससे लाखों रूपये का सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलने पर सिविल लाइन पुलिस व दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंच गयी और बामुश्किल आग पर काबू पाया।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के प्रकाश चैक के निकट एलजी कंपनी का दो मंजिला शोरूम है। बुधवार की दोहपर इस शोरूम में संदिग्ध परिस्थितियों के चलते अचानक से आग लग गयी और शोरूम से धुआं उठने लगा।
शोरूम में मौजूद लोगों ने इस आग को बुझाने का प्रयास किया,परन्तु वह कामयाब नहीं हो पाये और देखते ही देखते आग बढ़ती चली गयी और विकराल रूप ले लिया गया।
आग की लपटें उठती देखकर आसपास के काफी लोग एकत्रित हो गये और आग को बुझाने का प्रयास किया, परन्तु कामयाब नहीं हो पाये।

आग लगने की सूचना सिविल लाइन पुलिस व फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलने पर पुलिस व फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गई और आसपास के लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। दमकल विभाग द्वारा जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक लाखों रूपये का सामान जलकर राख हो चुका था।
इस अग्निकांड में हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। अभी तक सही अंदाजा नहीं लगाया जा सका है, पर माना जा रहा है कि इस अग्निकांड में मोटा नुकसान हुआ, क्योंकि जिस शोरूम में आग लगी है, उसमें कीमती इलेक्ट्राॅनिक्स सामान उपलब्ध थे।

