जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: हज कमेटी आफ इण्डिया मुम्बई के सकुर्लर 30 अप्रैल के द्वारा समस्त चयनित हज यात्रियों को अग्रिम धनराशि के रुप में रु 81 हज़ार प्रत्येक को हज कमेटी आफ इण्डिया मुम्बई के खाते में जमा करने के निर्देष दिए गए हैं। यह धनराशि हज कमेटी ऑफ इण्डिया मुम्बई की वेबसाइट पर ऑनलाइन जमा की जा सकेगी।
उप्र राज्य हज समिति के सचिव-कार्यपालक अधिकारी राहुल गुप्ता से प्राप्त जानकारी के अनुसार धनराशि हज कमेटी ऑफ इण्डिया मुम्बई के खाते में जो कि स्टेट बैंक ऑफ इण्डिया व यूनियन बैंक आफ इण्डिया में संचालित है, की किसी भी शाखा में कोर बैंकिंग के माध्यम से बैंक रेफरेंस नम्बर के साथ जोकि कवर हेड के रजिस्टर्ड मोबाइल पर एसएमएस के माध्यम से भेजा गया है को निर्धारित बैंक स्लिप जोकि हज कमेटी ऑफ इण्डिया मुम्बई की वेबसाइट से डाउनलोड कर निकाली जा सकेगी, पर जमा कर सकेंगे। स्टेट बैंक ऑफ इण्डिया व यूनियन बैंक आफ इण्डिया की किसी भी शाखा के चेक द्वारा उसी बैंक में जमा कर सकेंगे। अन्तिम किस्त हवाई किराया व सऊदी अरब में विभिन्न व्यय की जानकारी प्राप्त होने के उपरांत बाद में दी जायेगी।

