- महंगाई, भ्रष्टाचार और कुप्रथा पर खुलकर खड़ा किया कठघरे में
- रिटायर होने के बाद भ्रष्टाचार की पोल खोलूंगा
- मेघालय के राज्यपाल सतपाल मलिक ने मेरठ बार के कार्यक्रम में शिरकत की
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: मेघालय के राज्यपाल सतपाल मलिक एक बार फिर बेबाकी से बोले। उन्होंने कहा कि रिटायर होने के बाद भ्रष्टाचार की पोल खोलूंगा। उन्होंने कश्मीर, भ्रष्टाचार और सांप्रदायिक माहौल पर खुलकर सरकार को घेरा। राज्यपाल ने खचाखच भरे सभागार में लोगों की खूब वाहवाही लूटी। राज्यपाल सतपाल मलिक ने एक सवाल के जवाब में कहा कि वो दिल से सच्ची बात बोलते है। जो देश मे हो रहा है, उस पर ही बयान देते हैं।
उनको किसी बात का डर नहीं है, क्योंकि राज्यपाल के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती है। उन्होंने कहा के कश्मीर के राज्यपाल के कार्यकाल में उन्होंने बहुत परिवर्तन किए, लेकिन वहां की व्यवस्था बहुत खराब है और करप्शन भरा हुआ है। इस बारे में प्रधानमंत्री तक को अवगत करा दिया है। सीबीआई जांच से सब खुलासा हो जाएगा। जब रिटायर हो जाऊंगा तब ऐसे भ्रष्ट लोगों की पोल खोलेंगे।
कहा कि जब तक वो कश्मीर में रहे एक भी आतंकवादी शहर के अंदर नहींं घुस पाया, लेकिन अब आतंकवादी खुलकर खूनखराबा कर रहे हैं। धारा 370 के हटने से पहले हुर्रियत कांफ्रेंस और अन्य उग्रवादी संगठनों ने खूब डराया कि खून की नदियां बह जाएंगी लेकिन ऐसा कुछ नहींं हुआ। राज्यपाल ने कहा कि दुर्भाग्य की बात है कि उन्होंने कहा देश के युवाओं को बेवजह के मुद्दों से भटकाया जा रहा। ऐसे मुद्दे सरकार ला रही है।

जिसका कोई लेना देना नहीं। कहा कि वाराणसी की ज्ञानवापी मस्जिद का मुद्दा उठाकर लोगों को जनता के मुद्दों से भटकाने का प्रयास किया जा रहा है। वो हमेशा किसानों के हित के लिए आवाज उठाते रहेंगे। सवाल मेरा नहींं, 700 लोगों की मौत पर किसी ने कुछ नहींं बोला, इसलिए मुझको बोलना पड़ा। प्रधानमंत्री से इस मुद्दे पर बात की तो पांच मिनट में मेरा उनसे झगड़ा हो गया।
कार्यक्रम के दौरान किसान आंदोलन का बोलबाला रहा तो मलिक ने भी कहा कि किसानों के बारे में बोलते हुए संदेह रहता है, कही दिल्ली से काल नहींं आ जाए। राज्यपाल रहते हुए छह बार से अधिक तबादले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद समाज को एकजुट करने का काम करूंगा। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दाम बेवजह बढ़ाये जा रहे हैं। जबकि पूरी दुनिया यहां तक कि पाकिस्तान में पेट्रोल के दाम काफी कम हैं।
लालकिले पर झंडे का अधिकार सिखों को
सत्यपाल मलिक बोले, लाल किले पर झंडा फहराने का सबसे पहला अधिकार प्रधानमंत्री को है और उसके बाद उन गुरु तेग बहादुर जी के बच्चों को है। जिन्होंने लाल किले के दरवाजे पर देश की खातिर अपनी गर्दन कटवा दी थी। लाल किले पर कुछ लड़के चढ़े तो दिल्ली में ऐसी अफवाह फैला दी गई, जैसे कोई आतंकवादी घटना हो गई हो। जबकि लाल किले पर किसी पार्टी का झंडा नहींं, बल्कि निशान साहिब लगाया गया था।
कुप्रथाओं पर जमकर बरसे
राज्यपाल ने कहा कि लोग दहेज में महंगी कारें और मकान तक मांग रहे हैं। लोगों को चाहिये कि दहेज के प्रति लोगों को जागरूक करें। बच्चों को पढ़ाने पर ध्यान दें और उनको विदेश भेजे न कि उनको महंगी कारें देकर बिगाड़े नहींं। उन्होंने मृत्युभोज का भी विरोध किया और कहा कि जो मर गया उसके लिय उसके परिवार पर हजारों रुपये सिर्फ खाने पर क्यों खर्च कराने पर जोर दिया जाए।
भाकियू नेताओं से मिले राज्यपाल
सर्किट हाउस में राज्यपाल सत्यपालपाल मलिक से भारतीय किसान यूनियन नेताओं ने मुलाकात कर उन्हें किसान आंदोलन का समर्थन करने के लिए धन्यवाद प्रेषित किया और उनका स्वागत बुके भेंट कर किया। राज्यपाल सत्यपाल मलिक का मेरठ बार एसोसिएशन के एक कार्यक्रम जाना था, लेकिन उससे पूर्व वह मेरठ सर्किट हाउस में पहुंचे उनके पहुंचने से पहले काफी राजनीतिक पार्टी के नेता व समाजसेवी और उनके जीवन संघर्ष के समय के साथी छात्र नेता मौजूद थे।
जब राज्यपाल सर्किट हाउस पहुंचे तो सभी ने उनका स्वागत किया। इसी बीच भारतीय किसान यूनियन के नेता राजकुमार करनावल, धीर सिंह नगला और कपिल मलिक एडवोकेट भी उनके बीच पहुंचे तो गवर्नर साहब उनको देखते ही मुस्कुराए और उनके हाथ से गुलदस्ता लिया और पूछा कि गांव में सब ठीक-ठाक है खेती बाड़ी कैसी है।
वकीलों के भरोसे बड़ी बड़ी लड़ाइयां लड़ी
मेरठ बार एसोसिएशन के नानक चंद सभागार में मेघालय के राज्यपाल सत्यपाल मलिक का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। मेरठ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गजेन्द्र पाल सिंह व महामंत्री अजय शर्मा ने सभागार में राज्यपाल का स्वागत किया। उनके आगमन पर राष्ट्रगान किया गया। जिसमें आरती बंसल, शुची शर्मा, उर्वशी सिंह आदि ने राष्ट्रगान कराया।
जिला जज रजत सिंह जैन ने पुष्पगुच्छ देकर राज्यपाल का स्वागत किया। जिसके बा. वरिष्ठ अधिवक्ता चौ. नरेन्द्रपाल सिंह, कुलवंत सिंह, डॉ. ओपी शर्मा, आरएच अंसारी, ब्रह्मपाल सिंह, जीएस धामा, सतीश गुप्ता, महावीर सिंह त्यागी, स्वर्ण सिंह व जिला बार के अध्यक्ष विक्रम सिंह तोमर आदि ने महामहिम का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
वरिष्ठ अधिवक्ता अजय त्यागी ने राज्यपाल का जीवन परिचय सबके सामने प्रस्तुत किया। अपने उदभोषण में राज्यपाल ने कहा कि वकीलों के बूतों पर मैंने बडी-बडी लडाईयां लडी है। आज मेरठ बार एसोसिएशन में आना मां की गोद में आना लगता है।
ये रहे उपस्थित
पूर्व एमएलसी एसपी राणा, अरुण वशिष्ठ, कांग्रेसी नेता यशपाल सिंह, राजेन्द्र शर्मा, पूर्व एमएलसी जगत सिंह, डॉ. गरिमा पुंडीर, प्रभात राय, प्रेमदेव जयदेव, डॉ. जेवी चिकारा राजपाल रजपुरा, पूर्व महामंत्री मुकेश वालिया, अनिल जंगाला, सचिन चौधरी, नरेश दत्त शर्मा, देवकी नंदन शर्मा, सतीश शर्मा आदि मौजूद रहे।

