जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री धर्मपाल सिंह ने बुधवार को इंदिरा भवन के 5 वें तथा 6वें तल पर स्थित अल्पसंख्यक कल्याण निदेशालय के कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने निदेशालय के प्रत्येक कक्ष का निरीक्षण किया और उपस्थिति पंजिका का अवलोकन करने पर बिना सूचना के अनुपस्थित कार्मिकों पर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए 2 दिनों के भीतर उनके स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने सबको कार्यालय ससमय आने, निर्धारित अवधि में कार्य पूरा करने, कार्यालय में स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिये जाने, और पत्रावलियों के उचित रख-रखाव के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि जनहित का कोई भी प्रकरण लंबित नहीं रहना चाहिए अन्यथा संबंधित की जवाबदेही तय करते हुए उसके खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जायेगी।
अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ने कहा कि अल्पसंख्यक कल्याण विभाग बहुत महत्वपूर्ण विभाग है और प्रत्येक स्तर पर अल्पसंख्यक वर्ग का कल्याण, योगी सरकार की प्राथमिकताओं में से एक है। उन्होंने कहा कि वह निरीक्षण करने नहीं आये हैं बल्कि कार्यालय की स्थिति का अवलोकन कर रहे हैं ताकि विभागीय व्यवस्थाओं को अधिक बेहतर बनाया जा सके, जिससे जनता की समस्याओं का अधिक शीघ्रता से निराकरण किया जा सके। सरकार निष्पक्षता से कार्य कर रही है, यह विभाग के कार्यो में भी दिखाई देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारी अपनी कार्य पद्धति में परिवर्तन लाये, समय का सम्मान करें तथा जनसमस्याओं के निस्तारण में संवेदनशीलता तथा तत्परता दोनों पक्षों पर ध्यान दें।

