- प्रभारी मंत्री ने मौलश्री का पौधा रोपित कर किया शुभारंभ
- पौधा रोपित करने के साथ ही उसे संरक्षित करना समाजिक जिम्मेदारी
जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: प्राविधिक शिक्षा, उपभोक्ता एवं बाट माप विभाग तथा जनपद के प्रभारी मंत्री आशीष पटेल ने मंगलवार को वृक्षारोपण जनांदोलन कार्यक्रम के अन्तर्गत फीता काटकर एवं बुडढाखेडा पुण्डीर में मौलश्री का पौधा रोपित किया। कहा कि पौधों को परिवार का सदस्य मान कर उसका संरक्षण संवर्धन करें।
मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को पूरा करने के लिए तथा मुख्यमंत्री के दिशा निर्देशों में पूरे प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाये जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इसी कड़ी में जनपद सहारनपुर के लिए प्रदेश सरकार के प्रतिनिधि के रूप में मैं स्वयं उपस्थित हुआ हूं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने 2017 में संकल्प लिया था कि उत्तर प्रदेश में जितना वन क्षेत्र है वह पर्याप्त नहीं है, इसलिए अभियान को एक आंदोलन के रूप में चलाया गया और इसके परिणामस्वरूप वन क्षेत्र में वृद्धि हुई। उन्होंने पेड़ों की महत्ता मनुष्य के जीवन चक्र में बताते हुए कहा कि भोजन और पानी के बाद आॅक्सीजन प्राप्त करने के लिए यही एकमात्र साधन है। उन्होंने कहा कि ओजोन परत को सुरक्षित रखने में भी इसकी महत्ता है।
इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि सभी यह संकल्प लें कि वो पौधा रोपित करेंगे और उसको जीवित रखने के लिए अपने बच्चों की तरह ही उसकी देखभाल करेंगे। यदि अगले वर्ष तक 90 प्रतिशत पौधे जीवित रख सके तो यह हमारी समाज और पर्यावरण को सबसे बडी देन होगी। उन्होंने डीएफओ को निर्देश दिए कि पौधों को जीवित रखने की जिम्मेदारी आपकी है। उन्होंने एक सामाजिक दायित्व के तहत जिलाधिकारी से कहा कि यदि कोई वृक्ष काटने की इजाजत मांगता है तो उससे वृक्ष भी लगवाएं।
एनसीसी के बच्चों से उन्होने कहा कि आप लोग अपने विद्यालय में पौधे का रोपण करे और भाई-बहन की तरह उसका ख्याल रखें। माताओं से भी उन्होने अनुरोध किया एक पौधा दें और बेटी से मायके आने पर कहें कि इस फल लेकर आना। माननीय मंत्री जी ने कहा कि जब सहारनपुर हरा-भरा होगा तो उत्तर प्रदेश स्वत: ही हरा-भरा हो जायेगा।
इस अवसर पर मंत्री ने मौलश्री का पौधा लगाया तथा विधायक मुकेश चौधरी ने बेलपत्र, जिलाधिकारी महोदय ने पाकड(पिलखन) का वृक्ष, मुख्य विकास अधिकारी ने बेल का तथा उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अन्य लोगों ने वृहद मात्रा में पौधे लगाकर पौधारोपण किया।
इस अवसर पर विधायक नकुड मुकेश चौधरी, महापौर संजीव वालिया, जिलाधिकारी अखिलेश सिंह, जिलाध्यक्ष भाजपा महेंद्र सैनी, नगर अध्यक्ष भाजपा राकेश जैन, डीएफओ समाजिक वानिकी प्रभाग आईसी सिंह, डीएफओ शिवालिक वन प्रभाग श्वेता सैन, पुलिस अधीक्षक नगर राजेश कुमार सहित जनप्रतिनिधिगण, ग्रामवासी एवं एनसीसी कैडेट के छात्र एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

