- स्मार्ट कैंट की सड़कों की हालत हुई दयनीय
- हुए गहरे-गहरे गड्ढे, वाहन चालकों को हो रही भारी परेशानी
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: कैंट क्षेत्र की सड़कों की सेहत बारिश में और अधिक बिगड़ गई हैं। गहरे गड्ढे सड़कों में बन गए हैं, जिससे लोगों को आवागमन में दिक्कत पैदा हो रही हैं। माल रोड कैंट की वीवीआईपी रोड हैं। इस रोड की मिसाल दी जाती थी। इतनी सुंदर और व्यवस्थित तरीके से इसका निर्माण किया जाता था,लेकिन वर्तमान में मॉल रोड भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं। टैंक चौराहे पर ही सड़क टूट गई हैं।

माल रोड पर कई स्थानों पर गहरे गड्ढे हो गए हैं, जिसको ठीक नहीं कराया जा रहा हैं। बारिश ने और ज्यादा सड़कों को खराब कर दिया हैं। माल रोड से जैसे ही कचहरी की तरफ बढ़ते है तो उस पर भी गहरे गड्ढे बन गए हैं। बारिश से इस रोड की हालत और ज्यादा खराब हो गई हैं। पहले गड्ढो को कुछ भरा गया, लेकिन गड्ढे ज्यादा गहरे हो गए हैं। पैदल भी दिक्कत हो रही हैं। माल रोड से मवाना रोड डेयरी फार्म की तरफ जाने वाला रास्ता भी खराब हो गया है। वह भी जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हैं।
हनुमान चौक से औघडनाथ मंदिर जाने वाले रास्ता भी खराब हैं। वहां से पैदल तो दूर बाइक व कार से निकलना भी दूभर हो गया हैं। हनुमान चौक से बोम्बे बाजार होते हुए कैंट आॅफिस आने वाले रास्ते पर भी गहरे गड्ढे बन गए हैं। ऐसा पहले कभी नहीं हुआ कि इतनी ज्यादा सड़के टूटी हुई हैं। कैंट बोर्ड के अधिकारियों की लापरवाही के चलते सड़कों की हालत खराब हो रही हैं। इसकी शिकायत खुद कैंट बोर्ड के नामित सदस्य सतीश शर्मा ने भी की थी, लेकिन फिर भी सड़कों को ठीक नहीं किया गया।

अब कहा जा रहा है कि बारिश के बाद ही सड़कों को ठीक कराया जाएगा। इससे पहले जनता को उनके हाल पर छोड़ दिया गया है। हालांकि नगर निगम ने शहर की कुछ सड़कों की दशा तो बारिश से पहले सुधार दी हैं, लेकिन कैंट बोर्ड के अधिकारियों ने सड़कों की मरम्मत करने से भी इनकार कर दिया था। इस तरह से खराब सड़कों से ही लोगों को गुजरना पड़ रहा हैं।

