जनवाणी संवादाता |
हल्दौर: पुलिस ने ग्रामीणों की शिकायत पर पैसे लेकर विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वाले एक कबूतरबाज को हिरासत में ले लिया। पीड़ितों का आरोप है कि आरोपी ने उनके परिजनों को विदेश में नौकरी लगवाने के नाम पर लाखों रुपये ठग लिए। अब उनके परिजन विदेश में खाने पीने से भी मोहताज है।
मंगलवार को थाना क्षेत्र के ग्राम अम्हेडा निवासी नसीम पुत्र अब्दुल हकीम ने थाने में तहरीर देकर बताया की बिजनौर शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बक्शीवाला निवासी मुस्तकीम पुत्र बुन्दू पैसे लेकर लोगों की विदेश में नौकरी लगवाने के नाम पर विदेश भेजने का कार्य करता है।
आरोपी मुस्तकीम ने उसके पुत्र तालिब को नौ महीने पहले सऊदी अरब यह कहकर भेजा था कि उनका पुत्र कम्पनी में काम करने जा रहा है नसीम के बताये अनुसार आरोपी ने उनके पुत्र को सऊदी अरब भेजने के नाम से एक लाख 55 हजार रुपये लिये थे।
नसीम ने बताया कि उसके पुत्र तालिब को सऊदी पहुचने के बाद पता चला कि मुस्तकीम ने उसे फर्जी कागजों के आधार पर फर्जी वर्क परमिट बनवा कर दिया जिसके चलते तालिब को सऊदी में कोई काम नही मिला जिसकी वजह से तालिब पिछले नौ माह से भूखा प्यासा रहने को मजबूर है। जबकि तालिब की पत्नी और बच्चे गांव में उसकी वजह से परेशान है जिनका रो रोकर बुरा हाल है।
नसीम ने जब इस संबंध में मुस्तकीम से शिकायत की तो मुस्तकीम ने उसे टरका दिया। पीड़ित नसीम ने मुस्तकीम के खिलाफ हल्दौर थाने में तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की थी। पुलिस ने तत्काल कार्यवाही करते हुए आरोपी मुस्तकीम को हिरासत में ले लिया।
मुस्तकीम को पुलिस द्वारा पकड़ने की खबर सुनकर ताजपुर और स्योहारा क्षेत्र के सईदरजा, आरिफ, फरमान, तालिब आदि भी थाने पहुचे और उन्होंने मुस्तकीम पर आरोप लगाते हुए कहा कि मुस्तकीम ने उनसे भी लाखों रुपये विदेश भेजने के नाम से ले रखे है। उधर, कुछ छुटभैये नेता कबूतरबाज मुस्तकीम को बचाने की जुगत में लगे रहे। प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह के अनुसार मामले की जांच कर कार्यवाही की जाएगी।

