जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: कर्मभूमि एक्सप्रेस में आग लगने की घटना सामने आई है। सराय बंजारा के पास ट्रेन के चार डिब्बों में आग लग गई। बताया जा रहा है कि हादसा उस समय हुआ, जब ट्रेन चल रही थी। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। वहीं, घटना में हुए नुकसान को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
जानकारी के मुताबिक, कर्मभूमि एक्सप्रेस अमृतसर से पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी जा रही थी। इसी दौरान ट्रेन में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि आग इंजन से पांचवें कोच तक पहुंच गई, जिससे यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही ट्रेन को तुरंत रोक दिया गया। इसके बाद यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया गया। हादसे की सूचना पर रेलवे की टीमें और दमकल विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए हैं। आग पर काबू पाने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
फिलहाल आग लगने की वजह और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। रेलवे की ओर से घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

