- घायल को अस्पताल में कराया भर्ती
जनवाणी संवाददाता |
सरधना: शुक्रवार को अक्खेपुर गांव में शराब के नशे में धुत एक युवक ने तमंचे से फायरिंग कर दी। पेड़ के नीचे बैठी एक महिला को गोली गर्दन पर छूते हुए निकल गई। ग्रामीणों के आने पर आरोपी फरार हो गया। घायल को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। एसपी देहात व सीओ भी मौके पर जायजा लेने पहुंचे।

कोतवाली क्षेत्र में अक्खेपुर गांव निवासी मनीषा पत्नी राहुल शुक्रवार को अन्य महिलाओं के साथ घर के बाहर बैठी थी। तभी शराब के नशे में धुत एक युवक वहां पहुंचा। युवक ने उत्पात मचाना शूरू कर दिया। इससे पहले की कोई कुछ समझ पाता, आरोपी ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली मनीषा की गर्दन को छूते हुए निकल गई। गोली की आवाज सुनकर ग्रामीण उस ओर दौड़ पड़े।
ग्रामीणों को आता देख आरोपी वहां से फरार हो गया। घायल को उपचार के लिए नगर के निजी अस्पताल लाया गया। जहां से उसे मेरठ रेफर कर दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को तलाश किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। एसपी देहात केशव कुमार व सीओ आरपी शाही मौके पर जायजा लेने पहुंचे। सीओ आरपी शाही ने बताया कि गोली महिला की गर्दन को छूकर निकली है। आरोपी को तलाश किया जा रहा है।

