जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री तंत्र प्रभार संदीप सिंह ने बताया कि बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा विद्यांजली कायाकल्प पोर्टल बनाया गया है। यह पोर्टल परिषदीय विद्यालयों में अवस्थापना सुविधाओं को संकल्पित किये जाने के लिए प्रतिष्ठित, विशिष्ट एवं सम्पन्न इच्छुक व्यक्तियों, कारपोरेट अथवा विद्यालय के एल्युमिनाई से आर्थिक सहयोग प्राप्त किये जाने का एक प्लेटफार्म है। उन्होंने बताया कि विद्यांजली पोर्टल मुख्यमंत्री द्वारा 1 अगस्त को शुभारम्भ किया गया।
दानदाता पोर्टल पर जाकर स्कूल सेलेक्ट करेंगे उसके बाद संबंधित जनपद के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के पास रिक्वेस्ट जनरेट होगी। बीएसए द्वारा क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण समिति से अनुमति लेकर रिक्वेस्ट अप्रूव की जायेगी। अनुमोदनोपरांत सम्बन्धित व्यक्ति द्वारा अवस्थापना सुविधाओं के समग्र विकास के लिए आगामी 3 वर्षों के लिए प्रतिबद्ध होगें। श्री सिंह ने बताया कि बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित किसी भी शहरी अथवा ग्रामीण परिषदीय विद्यालयों के विकास हेतु इस पोर्टल के माध्यम से सहयोग प्रदान किया जा सकता है।

