जनवाणी संवाददाता |
मेरठ/मोदीपुरम: वेस्ट यूपी में इस बार सामान्य से कम बारिश के कारण किसानों की फसलें सूख गई है। इसलिए सरकार सूखाग्रस्त इलाकों में 20 हजार सोलर पंप और 2 हज़ार एक सौ नए नलकूप लगाने जा रही है। शनिवार को सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय में वैज्ञानिक सम्मेलन के दौरान पत्रकार वार्ता में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने यह बात कही।
मोदीपुरम स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय में वैज्ञानिकों का सम्मेलन आयोजित किया गया। जिसमें नई तकनीक, नए शोध किसानों तक पहुंचाने के लिए निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही रहे।
उन्होंने पत्रकार वार्ता में कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इस बार सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई, जिससे किसानों को काफी नुकसान उठाना पड़ा। सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए सरकार ने सूखाग्रस्त इलाकों में 20 हजार सोलर पंप व 21 सौ नलकूप लगाने की बात कही है। इन पर करोड़ों का खर्च आएगा। इस व्यवस्था से सूखाग्रस्त इलाकों में किसान अपनी फसलों की आसानी से सिंचाई कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए वैज्ञानिक किसानों तक नई तकनीक के साथ-साथ फसल उत्पादन में बढ़ोतरी करने के लिए शोध किए गए नए बीजों को किसानों तक पहुंचा रहे हैं। पत्रकार वार्ता में उन्होंने सपा मुखिया अखिलेश यादव व बसपा मुखिया मायावती पर भी निशाना साधा।
कहा कि 2022 के चुनाव से पहले दोनों पार्टी के मुखिया योगी आदित्यनाथ की सरकार को प्रदेश से हटाने की बात कह रहे थे। लेकिन, दोबारा प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार बनी। लोकसभा चुनाव में भी दोनों पार्टियों का यही हाल होगा और पहले की तरह दोनों पार्टी डूब जायेगी।
कार्यशाला में प्रदेश के 89 ने कृषि विज्ञान केंद्रों के वैज्ञानिक शामिल हुए साथ ही भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के महानिदेशक हिमांशु पाठक उत्तर प्रदेश कृषि शिक्षा अनुसंधान संस्थान के अध्यक्ष विकास गुप्ता, कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ डीआर सिंह और विश्वविद्यालय के समस्त वैज्ञानिक मौजूद रहे।

