जनवाणी संवाददाता |
रामपुर मनिहारान: ग्राम सचिव द्वारा ग्राम प्रधान पर अभद्र व्यवहार व गोली मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने पीड़ित सचिव की तहरीर के आधार पर आरोपी प्रधान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि दो दिन पहले यानि मंगलवार को क्षेत्र के गाँव दुहारकी के ग्राम सचिव ईसम सिंह संगठन के दर्जनों लोगों के साथ कोतवाली में पहुंचे थे और पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह खंड विकास अधिकारी के साथ ग्राम पंचायत नैनखेड़ा के मजरे नवादा भजडू में गौशाला की भूमि की चिन्हित प्रक्रिया में मौजूद थे। तभी ग्राम प्रधान दुहारकी रोहित अपने पिता के साथ वहाँ पर पहुँचा और खंड विकास अधिकारी के सामने ही प्रार्थी के साथ गली गलौच करते हुए पूरे परिवार को गोली मारने की धमकी दी। तहरीर में कहा कि प्रार्थी के साथ किसी भी समय कोई अप्रिय घटना हो सकती है। ग्राम प्रधान की दबंगई से ग्राम सचिव यूनियन में रोष व्याप्त है।
इस मामले में पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी ग्राम प्रधान के खिलाफ धारा 325, 353, 504, 506 में मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है।

