- एक वर्ष पूर्व निर्माण पूर्ण दर्शाकर भुगतान कराने का आरोप
- ग्रामीणों ने हंगामा कर रोका निर्माण, पुलिस बुला कराया प्रारंभ
जनवाणी संवाददाता |
जलालाबाद: ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी पर मनरेगा कार्यों में घोटाला कर एक वर्ष पूर्व फाइलों में काम पूर्ण दर्शा कर भुगतान कराने का आरोप लगाते हुए हंगामा। मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत के बाद खंड विकास अधिकारी ने आनन-फानन में खंडजा निर्माण शुरू कराया, जिसे ग्रामीणों ने रूकवा दिया। लेकिन बाद में पुलिस बुलाकर निर्माण शुरू कराया गया। ब्लाक प्रमुख ने प्रमुख सचिव को शिकायत कर भ्रष्टाचार की जांच कराने की मांग की है।
जलालाबाद क्षेत्र के ग्राम चन्दैनामाल में उस वक्त बडा हंगामा हो गया जब ऋषिपाल के खेत तक मनरेगा के तहत खंडजा निर्माण शुरू कराया गया। ग्रामीणों संदीप, पुष्पेंद्र, नरेंद्र का आरोप था कि उक्त खंडंजे को सितम्बर 2019 मे ही पूर्ण बना दर्शा कर खंड विकास अधिकारी डा. पंकज सिंह द्वारा मनरेगा से पूरा पैसा निकाल कर घोटाला कर चुके है। जिसकी शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर की गई थी।
जिसकी जांच से पूर्व ही घबराकर खंड विकास अधिकारी द्वारा आनन फानन मे पुराना कार्य एक साल बाद शुरू कराया गया है जबकि उक्त कार्य का भुगतान भी निकाल लिया गया है। इस सम्बन्ध मे खंड विकास अधिकारी पंकज सिंह से उनका पक्ष जानने का प्रयास लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नही किया। ग्राम सचिव अक्षय कुमार का फोन बन्द आया। इस पूरे ममले को लेकर ग्राम प्रधान मामचन्द शर्मा ने बताया उन्हे इस कार्य की कोई जानकारी नही है ना ही उनके द्वारा उक्त कार्य का कोई प्रस्ताव ही किया गया है।
ब्लाक प्रमुख गीता सिंह के प्रतिनिधि जिला पंचायत सदस्य शेर सिंह राणा ने विकास खण्ड अधिकारी डा. पंकज सिंह पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए मनमाने ढंग से बिना ग्राम प्रधानो की जानकारी के मनरेगा से कई गांवों इस प्रकार से ही पैसा निकालने का आरोप लगाया। उन्होने बताया कि उक्त अधिकारी थानाभवन में पशु चिकित्साधिकारी के पद पर है एवं गलत तरीके से उन्हे विकास खंड अधिकारी का प्रभार दिया गया है। बाद में पुलिस बुलाकर निर्माण कार्य सुरक्षा में प्रारंभ कराया गया।

