जनवाणी संवाददाता |
नजीबाबाद: दरअसल भैया दूज पर बहुत से लोग बहन के घर टीका लगवाने जाते हैं, तो बड़ी संख्या में बहनें अपने भाइयों के घर जाकर टीका लगाती हैं। इस दौरान ट्रेनों और बसों में भीड़ बढ़ जाती है। इस बार दीपावली के दो दिन बाद गुरुवार को भैया दूज मनाई गई। इसके चलते बसों में भारी भीड़ रही। बसों में यात्रियों को पैर रखने की जगह नहीं मिली। अधिकांश बसों में क्षमता से ज्यादा यात्री सवार थे। स्थिति यह थी कि बसों में घुसने में भी यात्रियों को पसीना बहना पड़ रहा था। सीट न मिलने के कारण बड़ी संख्या में यात्रियों को खड़े होकर यात्रा करने को मजबूर होना पड़ा। खासतौर से कम दूरी का सफर करने वाले यात्रियों को खड़े होकर सफर करना पड़ा। भीड़ ज्यादा होने की वजह से सीट न मिलने के कारण यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस दौरान बसों का टोटा रहा, जो भी बस आई उसमें चढ़ने के लिए आपाधापी मची रही।

