- श्याम बाबा के जन्मोत्सव कार्यक्रम में रातभर झूमे श्रद्धालु
जनवाणी संवाददाता |
शामली: श्याम बाबा का जन्मोत्सव कार्यक्रम शहर में धूमधाम के साथ मनाया गया। शहर और बाहर से आए कलाकारों के भजनों पर रातभर श्रद्धालुगण झूमते रहे। वहीं विशाल भंड़ारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धर्मलाभ उठाया।
श्याम लाडले शामली वाले संस्था के तत्वावधान में शामली शहर के शौर्य पैलेस में द्वितीय श्याम बाबा जन्मोत्सव एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद के पूर्व चेयरमैन अरविंद संगल ने दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। वहीं पूजन योगेश्वर पुजारी निज मंदिर चुलकाना धाम द्वारा कराया गया। मंच संचालक हरीश नामदेव ने गणेश वंदना के साथ कार्यक्रम की शुरूआत की।
दिल्ली से आई प्रसिद्ध भजन गायिका प्रेरणा मित्तल ने ‘सारे देखो कैसा आलम छाया है, खाटू वाले का जन्मदिन आया है’ ‘हरा हू बाबा पर तुझपे भरोसा है, जीतूंगा एक दिन तुझ पर भरोसा है’भजनों पर झूमने को मजबूर कर दिया। कोलकाता से पधारे शुभम रूपम ने ‘सुनले कन्हैया अर्जी हमारी, तारों में तारों है मर्जी तुम्हारी’ ‘जाने कब आएगा मुझे अपना बनाएगा, मेरे आंसू पहुंचकर मुझको गले लगाएगा’ भजन सुनाकर श्रद्धालुओं को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया। मध्य रात्रि में खाटू श्याम बाबा का केक काटकर जन्मोत्सव मनाया गया और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। वहीं उद्यमी अंकित गोयल ने महाआरती की।
इस मौके पर पवन गोयल, विकास अग्रवाल, योगेश तायल, निर्दोष मित्तल, सुखचैन वालिया, प्रतीक अग्रवाल, यशपाल पंवार, विशाल गुप्ता, आशीष मित्तल, पंकज गुप्ता, अमित, अभय संगल, दीपक गर्ग, महेंद्र गुप्ता, दीपक कुमार, शुभम गर्ग, वैभव गोयल, मनोज अग्रवाल, नितिन गोयल, राजीव गोयल आदि मौजूद रहे।

