- भाजपाइयों समेत शहरवासियों ने सांसद को सौंपा पत्र
जनवाणी संवाददाता |
शामली: सर शादी लाल एंटरप्राइजेज शुगर मिल की चिमनियों से निकले वाली छाई से नागरिकों को होने वाली समस्याओं से भाजपा नेताओं ने पार्टी के सांसद प्रदीप चौधरी से शिकायत करते हुए समस्या के समाधान की मांग की है।
अल्पसंख्यक मोर्चा के क्षेत्रीय मंत्री राहुल जैन तथा सभासद पंकज गुप्ता ने भाजपा सांसद प्रदीप चौधरी से शिकायत करते हुए बताया कि शामली शहर की जनता को शामली शुगर मिल की चिमनियों से निकलने वाली छाई से भयंकर समस्या उत्पन्न होती है। वाहन चलाते समय आंखों में छाई गिरने से अनेको दुर्घटनाएं व आंखों की बीमारियां होती हैं। लोगों में अस्थमा, खांसी, फेफडों की बीमारियों हो रही हैं।
इस संबंध में शुगर मिल प्रबंधन को अनेकों बार ज्ञापन व प्रतिनिधि मंडल के माध्यम से अवगत कराया गया लेकिन उनके द्वारा आश्वासन दिया गया था आगामी पेराई सत्र से पहले ही प्रदूषण नियंत्रण को संयत्र लगाए जाएंगे। लेकिन पेराई सत्र शुरू हुए एक सप्ताह हो गया और छाई के कारण लोगों को परेशानी शुरू हो गई है। छोटे-छोटे बच्चों की आंखों में छाई डालने के कारण अनेकों रोक व दुर्घटनाएं हो रही हैं। अल्पसंख्यक मोर्चा के क्षेत्रीय मंत्री राहुल जैन, सभासद पंकज गुप्ता व शहरवासियों ने सांसद प्रदीप चौधरी को प्रार्थना पत्र सौंपकर समस्या के समधान की मांग की है।

