जनवाणी संवाददाता |
बुढ़ाना: कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में महिला को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। ग्रामीणों ने महिला को कस्बे के चिकित्सालय में भर्ती कोतवाली क्षेत्र के मदीनपुर गांव के रहने वाले मोहन की पत्नि ममतेश (25) अपनी ननंद मंजू (22) के साथ सोमवार को खेत में स्थित देवताओं का पूजन करने के लिए गई थी। इसी दौरान खेत से दो नकाबपोश बदमाश वहां पहुंच गए। बदमाश ममतेश को खींचकर गन्ने के खेत में ले गए। बदमाशों ने ममतेश से पैरों की पाजेब तोड़ ली। लूटपाट का विरोध करने व शोर मचाने पर बदमाश ममतेश के पैर में गोली मारकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर रवेंद्र सिंह यादव पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंच गए। सीओ विनय गौतम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया। घायल अवस्था में ममतेश को पुलिस ने कस्बे की सीएचसी पर भर्ती करवाया। घटना की तहरीर ममतेश के ससुर राजाराम ने कोतवाली में दी। इंस्पेक्टर रवेंद्र सिंह यादव ने बताया कि महिला के ससुर की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। घटना की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

