जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के महरौली क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, जब तोड़ी जा रही एक तीन मंजिला इमारत का हिस्सा अचानक ढह गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मलबे में लोगों के फंसे होने की आशंका के चलते राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू कर दिया गया।
अधिकारियों के अनुसार, हादसा महरौली के वार्ड नंबर-3 में हुआ। करीब 300 वर्ग गज में फैली इस इमारत को गिराने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान भवन का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना सुबह करीब 9:30 बजे मिली, जिसके बाद पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। दमकल विभाग की तीन गाड़ियों को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य के लिए भेजा गया। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई है।
पुलिस और बचाव दल मलबा हटाने के साथ-साथ यह पता लगाने में जुटे हैं कि हादसे के समय इमारत के अंदर कोई मजदूर या अन्य व्यक्ति मौजूद था या नहीं। अधिकारियों का कहना है कि मलबे में किसी के दबे होने की आशंका को देखते हुए सावधानीपूर्वक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
प्रशासन ने इमारत को गिराने के कार्य से जुड़े ठेकेदार को भी मौके पर बुलाया है और उससे पूछताछ की जा रही है। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
फिलहाल किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। राहत एवं बचाव कार्य जारी है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

