जनवाणी ब्यूरो |
हरिद्वार: बुग्गावाला थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल बदमाश के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और अमानतगढ़ फैक्ट्री फायरिंग प्रकरण से संबंधित पीड़ित का मोबाइल फोन बरामद हुआ है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार कांबिंग अभियान चला रही है।
पुलिस के अनुसार देर रात बुग्गावाला थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ यूपी बॉर्डर से बंजारावाला क्षेत्र की ओर गश्त और चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक गांव बंजारावाला की ओर से आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।
इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। वहीं उसका साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया।
पूछताछ में घायल आरोपी ने अपना नाम लुकमान पुत्र गुफरान निवासी ग्राम गोकुलवाला, थाना बुग्गावाला बताया। उसकी तलाशी लेने पर एक 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस तथा नौ जून को अमानतगढ़ फैक्ट्री में हुई फायरिंग की घटना से संबंधित पीड़ित का मोबाइल फोन बरामद किया गया।
घायल बदमाश को उपचार के लिए सिविल अस्पताल रुड़की भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही एसपी देहात शेखर चंद सुयाल भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
पुलिस ने फरार आरोपी की पहचान गुलजार निवासी खेड़ी शिकोहपुर, थाना भगवानपुर के रूप में की है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश में लगातार कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

