- शराब पीने को लेकर परिजनों ने झगड़े के बाद घर से निकाला था
जनवाणी संवाददाता |
शामली: आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के गांव सिलावर में 12/13 नवंबर की रात को गांव के पौराणिक शिव मंदिर में स्थिापित संगमरमर की मूर्तियों को किसी असामाजिक व्यक्ति द्वारा खंड़ित कर दी गई थी। मंदिर में मूर्तियां खंड़ित करने की घटना सुबह को पुजारी और श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने पर हुई थी जिसके बाद लोगों में रोष व्याप्त हो गया था। वहीं पुलिस विभाग में भी हड़कंप मच गया था।
आनन-फानन में पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाकर किसी तरह शांत करते हुए जल्द ही घटना का खुलासा करने का आश्वासन दिया था। इस मामले में गांव सिलावर निवासी मुकेश शर्मा पुत्र रामदेव शर्मा ने तहरीर दी थी। जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर किया था। सीओ बिजेंद्र भड़ाना के निर्देशन में आदर्श मंडी व कई टीमों को घटना के शीघ्र अनावरण के निर्देश दिए गए थे। गठित टीम ने घटना स्थल से आवश्यक छानबीन करते हुए महत्वपूर्ण साक्ष्य संकलित किए जो थाना आदर्शमण्डी पुलिस को घटना के अनावरण में काफी सहायक सिद्ध हुए। जिसके बाद 17 नवंबर गुरुवार को आदर्श मंडी थाना पुलिस ने मूर्तियां खंड़ित करने की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
आरोपी ने अपना नाम अजय कुमार शर्मा पुत्र पंड़ित हरपाल शर्मा निवासी गांव सिलावर बताया है। आरोपी अजय शर्मा ने बताया कि 12/13 नवंबर की रात को वह शराब के नशे में घर पहुंचा था। परिजनों ने उसे टोका तो वहां कहासुनी के बाद मारपीट हो गई थी। जिसके बाद परिजनों ने उसे घर से निकाल दिया था। घर से निकलकर वह मंदिर में पहुंच गया और नशे की हालत में मंदिर में मूर्तियों को खंड़ित कर दिया।
इस मामले में थाना प्रभारी अवनशी कुमार ने बताया कि मूर्तियां खंड़ित करने के आरोपी अजय कुमार शर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने क्षेत्र का माहौल खराब करने का प्रयास किया था।

