जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: प्रदेश के सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री अजीत पाल एवं मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने गुरुवार को यूपी एडिशन एपीएसी थर्ड इंडिया डिजिटल एम्पावरमेंट मीट एंड अवार्ड्स कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। अपने संबोधन में कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तथा सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री अजीत पाल ने प्रदेश में तकनीकी को बढ़ावा देने के लिये सरकार द्वारा किये जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लखनऊ में 100 एकड़ में आईटी सिटी एसईजेड बना रही हैं, टियर 2 और टियर 3 शहरों में आईटी हब बना रहे हैं।
वहीं इस अवसर पर अपने संबोधन में मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश 1 ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी की ओर तेजी से बढ़ रहा है। विकास इतनी तेजी से होना चाहिए कि प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप भारत 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बन जाए। सभी को अपने सामर्थ्य के अनुसार पूरी क्षमता से देश व प्रदेश की अर्थव्यवस्था की उन्नति के लिये योगदान करना चाहिये। आईटी और प्रौद्योगिकी के महत्व पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि आईटी के सहयोग से लगभग हर क्षेत्र में अद्भुत काम किया है। देश का लगभग 45 प्रतिशत मोबाइल उत्तर प्रदेश में बन रहा है। 2047 तक के विकास के लिए टीम इंडिया को मिलकर काम करना होगा। यूपी एक इनोवेटिव इन्वेस्टमेंट फंड बना रहा है, ताकि बच्चे व क्रिएटिव लोग आगे बढ़ें।

