- बेसिक शिक्षा विभाग की मंडलीय क्रीड़ा प्रतियोगिता
जनवाणी संवाददाता |
थानाभवन: बेसिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आयोजित मंडलीय खेलकूद प्रतियोगिता में क्षेत्र के ग्राम गोंसगढ़ के बच्चों नैंसी ने 200 मीटर दौड़ में गोल्ड एवं लम्बी कूद में उदित ने सिल्वर मेडल प्राप्त कर जनपद एवं अपने गांव का नाम रोशन किया।
बेसिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में सहारनपुर के डा. बीआर अम्बेडकर स्टेडियम में दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र के गांव गोसगढ़ निवासी प्राथमिक विद्यालय कक्षा पांच की छात्रा नैंसी पुत्री रजनीश ने 200 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में गोल्ड मैडल व गोसगढ़ के ही उच्च प्राथमिक विद्यालय के कक्षा 6 के छात्र उदित पुत्र मोनू कुमार ने लम्बी कूद में सिल्वर मेडल जीतकर जनपद व अपने गांव अहाता गोंसगढ़ का नाम रोशन किया।
प्रतियोगिता में मंडलायुक्त, सहारनपुर डा. एम लोकेश, सिटी मजिस्ट्रेट डा. काजल अग्रवाल व एडी बेसिक योगराज सिंह ने सहभागिता करते हुए विजेता बच्चों को मेडल प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। बृहस्पतिवार को नैंसी व उदित का विद्यालय पहुंचने पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि नीरज चौधरी व विद्यालय स्टाफ ने अध्यापक कोच विवेक मलिक ने माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत किया।

