- जहानपुरा में मॉर्निंग रेड, 37 घरों में बिजली चोरी पकड़ी, विद्युत टीम ने बकाएदारों से वसूल किए 18 लाख रुपये
जनवाणी संवाददाता |
कैराना: गुरुवार को उपखंड अधिकारी ओमप्रकाश बेदी के नेतृत्व में विद्युत विभाग की टीम ने क्षेत्र के गांव जहानपुरा में मॉर्निंग रेड अभियान चलाया। इस दौरान बिजली चोरों के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की गई, जिसमें तीन दर्जन से अधिक घरों में कटिया तार डालकर बिजली चोरी होती पाई गई। मौके की वीडियोग्राफी कराने के साथ ही संबंधित व्यक्तियों के केबिल जब्त कर लिए तथा उन्हें भविष्य में बिजली चोरी नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई।
इसके अलावा विभाग के बकाया बिल की अदायगी नहीं करने पर 68 बड़े बकाएदारों के कनेक्शन काटे तथा बकाएदारों से 18 लाख रुपये वसूल किए। एसडीओ ओपी बेदी ने बताया कि 33/11 केवी विद्युत फीडर पर हाईलाइन लॉस के चलते जहानपुरा में यह कार्रवाई की गई है। सभी 37 बिजली चोरों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। उन्होंने बताया कि पूरे गांव में करीब 1500 लोगों के कनेक्शन मौजूद हैं, लेकिन उन पर 50 लाख रुपये बकाया है। बकाएदारों को भी शीघ्र ही बकाया जमा करने की हिदायत दी गई है। यदि बकाया जमा नहीं किया जाता है, तो बकाएदारों के विरूद्ध अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

