जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने केन्द्र सरकार के नोटबंदी के निर्णय को सही ठहराकर यह साबित कर दिया है कि राष्ट्र हित के मुद्दों पर कांग्रेस, सपा-बसपा समेत तमाम विपक्षी दल देश में भ्रम फैलाकर देश को अस्थिर करने का काम कर रहे है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी व अखिलेश यादव के साथ ही विपक्ष के सभी नेताओं को नोटबंदी के निर्णय का विरोध करने तथा लोगों में भ्रम फैलाने के लिए देश से माफी मांगना चाहिए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की केन्द्र सरकार के ऐतिहासिक निर्णय नोटबंदी को राष्ट्रहित व नीतिगत निर्णय ठहराने का स्वागत करते हुए कहा कि उच्चतम न्यायालय की खंडपीठ ने नोटबंदी की संवैधानिक वैधता को चुनौती देने वाली सभी याचिकाओं को 4-1 के बहुमत से खारिज कर दिया है। इसके साथ ही विपक्ष द्वारा नोटबंदी के विरोध में देश को गुमराह करने का षड्यंत्र भी खारिज हो गया।

