जनवाणी ब्यूरो |
देहरादून: मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत से कथित तौर पर जुड़े प्रकरण, पर हाईकोर्ट की ओर से सीबीआई जांच के आदेश दिए जाने के बाद कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ आक्रामक रुख अपना लिया है। बुधवार को कांग्रेस के तमाम बड़े नेताओं ने एक मंच पर आकर, मुख्यमंत्री से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा मांगा। साथ ही इस मामले को राजभवन तक भी ले जाने का ऐलान किया है।
बुधवार को कांग्रेस भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रभारी देवेंद्र यादव, पूर्व सीएम हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, नेता विपक्ष इंदिरा हृदयेश सहित तमाम नेताओं ने एक मंच पर हाईकोर्ट के फैसले के आधार पर मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग की। प्रभारी देवेंद्र यादव ने कहा कि स्वच्छ सरकार के नाम पर सत्ता में आई भाजपा का असली चेहरा सामने आ गया है।
कहा कि इस मामले में पेश किए गए प्रमाणों को हाईकोर्ट ने सही माना है, इसी क्रम में सीबीआई जांच के आदेश दिए गए। यादव ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री ने खुद इस्तीफा नहीं दिया तो कांग्रेस के सभी विधायक एक साथ राजभवन कूच कर सरकार बर्खास्त करने मांग उठाएंगे।
कांग्रेस ने राज्यपाल से मुलाकात का समय मांगा है। पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि हाईकोर्ट ने आरोपों को बेहद गंभीर मानते हुए, सीबीआई को तय समय सीमा के भीतर मुकदमा दर्ज करने को कहा है। इससे साफ है कि राज्य की एजेंसी पर भरोसा नहीं रहा। उन्होंने कहा कि भाजपा केंद्रीय नेतृत्व को भी इसका संज्ञाान लेकर सीएम को हटाने के लिए पहल करनी चाहिए।यदि ऐसा नहीं हुआ तो कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर संघर्ष करेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा के विधायक ही सरकार में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते रहे हैं, लेकिन तब भाजपा ने उन्हें नोटिस देकर शांत कर दिया। इस मौके पर इंदिरा हृदयेश, किशोर उपाध्याय, सांसद प्रदीप टम्टा, विधायक काजी निजामुद्दीन उपस्थित हुए।
वहीं कांग्रेस प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने बताया कि कांग्रेस ने इस विषय पर अपनी बात रखने के लिए राज्यपाल से मुलाकात का समय मांगा था, लेकिन बुधवार को दिन भर इंतजार किए जाने के बाजवूद राजभवन से समय नहीं मिल पाया।इसलिए पार्टी ने अब कार्यकर्ताओं के साथ सड़क पर उतरने जा रही है।
इसी क्रम में गुरुवार को साढ़े दस बजे सभी कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता कांग्रेस भवन पर एकत्रित्र होंगे, यहां से रैली की शक्ल में राजभवन कूच किया जाएगा। कूच में प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व सीएम हरीश रावत, नेता विपक्ष इंदिरा हृदयेश सहित सभी बड़े नेता शामिल होंगे। धस्माना ने बताया कि कांग्रेस इस मुद्दे पर प्रदेशभर में आंदोलन चलाएगी।

