जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: भारतीय टीम ने दूसरे टी20 मैच में न्यूजीलैंड की टीम को छह विकेट से हरा दिया है। भारतीय टीम ने इस जीत के साथ ही सीरीज में 1-1 की बराबरी भी कर ली। आखिरी ओवर में टीम इंडिया को जीत के लिए छह रन बनाने थे। ऐसे में सूर्या ने पांचवीं गेंद पर चौका लगाकर जीत दिला दी।
100 रनों का टारगेट भारत के लिए आसान लग रहा था लेकिन, धीमी पिच होने के चलते मैच आखिरी ओवर तक खिंच गया। इससे पहले टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए न्यूजीलैंड ने 20 ओवरों में आठ विकेट पर 99 रन बनाए। मिचेल सेंटनर ने सबसे ज्यादा 20 रनों की पारी खेली। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने दो खिलाड़ियों को आउट किया।
आपको बता दें कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन टी20 मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला आज लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला गया। भारतीय टीम पहला टी20 21 रन से हार गई थी, लेकिन दूसरा मैच छह विकेट से जीतकर सीरीज को 1-1 से बराबर कर दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 99 रन बनाए। 100 रन के लक्ष्य को भारत ने एक गेंद रहते हासिल किया।

