- जिला कार्यक्रम अधिकारी ने पोषण वाटिकाओं को भी देखा
जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: जिला कार्यक्रम अधिकारी आशा त्रिपाठी ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों को मिलने वाले पोषाहार का वितरण सही से किया जाए, इसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने उन्नत आंगनबाड़ी केंद्रों का मंगलवार को निरीक्षण किया और कुछ केंद्रों की पोषण वाटिकाओं को देखा।
कुपोषण को मिटाने के लिए सरकार की ओर से कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। बच्चों और गर्भवती की नियमित जांच की जाती है। समय-समय पर जिला कार्यक्रम अधिकारी आशा त्रिपाठी इन आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण भी करती हैं। मंगलवार को नजीरपुरा और हकीकत नगर के आंगनबाड़ी केंद्रों का उन्होंने निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय बाल विकास परियोजना अधिकारी सुनीता चौधरी भी उनके साथ रहीं।
इस दौरान संयुक्त रूप से दोनों अधिकारियों ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता कमलेश देवी, सुशीला देवी और दर्शना देवी के पंजीयन जांच की। इसके बाद लाभार्थियों का भोतिक रूप से सत्यापन किया। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बाल विकास परियोजना अधिकारी को निर्देशित किया कि आगामी माह में वह स्वयं उपस्थित होकर जांच करें। कोशिश होनी चाहिए कि पोषाहार वितरण समय से हो। अगर कहीं पर शिकायत आती है तो उसका फौरी तौर पर संज्ञान लें। उन्होंने पोषण ट्रैकर पर अंकित लाभार्थियों के वजन का सत्यापन भी किया।
आशा त्रिपाठी ने निर्देशित किया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता यथासंभव सही वजन लें तथा उसी समय ही वजन को पोषण ट्रैकर एप पर फीड करें। उन्होंने निर्देश दिया कि बिना आधार नंबर (इनरोलमेंट) के किसी को राशन नहीं दिया जाए। इसलिए सभी लाभार्थी आधारकार्ड बनवा लें और आधार कार्ड पोषण ट्रैकर पर अपडेट कर दें। निरीक्षण के समय अरविंद मौर्य सुजीत कुमार, अब्बास, सुनील, विकास,बबीता,आरुषि,सुरेखा देवी आदि लाभार्थी उपस्थित रहे।

