- जिला मुख्यालय पर रालोद के नेतृत्व में किसानोें का हंगामा, प्रदर्शन
- सीएम को ज्ञापन भेज लाभकारी भाव, बकाया और भुगतान की मांग
जनवाणी संवाददाता |
शामली: मंगलवार को रालोद ने हाईकमान के निर्देश पर किसानों से जुड़ी समस्याओं को लेकर कलक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष वाजिद अली प्रमुख की अध्यक्षता में धरने को संबोधित करते हुए गठवाला खाप के चौधरी बाबा श्याम सिंह ने निजी नलकूपों पर विद्युत मीटर लगाए जाने के मामले में प्रशासन को चेताते हुए कहा कि किसी भी कीमत पर किसानों के नलकूपों पर विद्युत मीटर नहीं लगाने देंगे, भले ही इसके लिए कितना आंदोलन क्यों न चलाना पड़े। थांबेदार ने कहा कि अगर बिजली विभाग किसानों के नलकूपों पर विद्युत मीटर लगाना ही चाहता है तो इसकी शुरूआत सबसे पहले मुजफ्फरनगर से की जाए। उन्होंने प्रदेश सरकार पर जान-बूझकर शामली जनपद के किसानों को परेशान करने के आरोप लगाए।
रालोद विधायक प्रसन्न चौधरी ने धरने को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार कानून व्यवस्था की दुहाई देती है, लेकिन दिन में जहां आवारा पशुओं को बचाने के लिए किसान फसलों का पहरा देता है, वहीं रात में उनके नलकूपों पर हो रही चोरी को लेकर पहरा देने के लिए किसान मजबूर है। किसान को उसकी फसल का वाजिब दाम नहीं दिया जा रहा।
पिछले साल का गन्ना भुगतान अब तक नहीं हुआ है जबकि वर्तमान सत्र का भुगतान चीनी मिल मालिकों देना प्रारंभ नहीं किया है। गन्ना भाव घोषित न करके प्रदेश सरकार हठधर्मिता दिखा रही है।
थानाभवन से रालोद विधायक अशरफ अली खान ने कहा कि गन्ना भुगतान न होने से किसान परेशान है। आधा सीजन समाप्त हो चुका है लेकिन अभी तक पिछले पेराई सत्र का भी भुगतान नहीं हुआ। साथ ही, वर्तमान सीजन का भुगतान भी चीनी मिलों ने अभी किसानों को देना प्रारंभ नहीं किया है।
भुगतान न मिलने से किसान की हालत दयनीय हो चली है। धरने को बाबा शोकेंद्र कुमार, पूर्व विधायक नवाजिश आलम, जिलाध्यक्ष वाजिद अली प्रमुख, तरसपाल मलिक, अरविंद झाल, सत्यवीर पंवार, ऋषिराज राझड, अनवार चौधरी, बाबूराम पंवार आदि ने संबोधित किया।

