- धांधली को लेकर ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक का घेराव
जनवाणी संवाददाता |
रोहटा: चीनी मिलों का संचालन शुरू होते ही समितियों में कर्मचारियों द्वारा माफियाओं से मिलकर पर्ची गन्ना पर्ची में खेल शुरू कर दिए गए हैं। किसानों के रकबे, बेसिक कोटा, पर्ची कैलेंडर में संशोधन के नाम पर किसानों के साथ जमकर खेल किया जा रहा है।
सर्वे से लेकर सट्टा मेले में किसानों से संशोधन के नाम पर बार-बार आवेदन लिये गए। जबकि मिल का पेराई सत्र भी शुरू हो गया, लेकिन अभी तक किसानों के बांड में कोई संशोधन नही हुआ है।
समस्याओं को लेकर सोमवार को किसानों ने ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक का घेराव करते हुए जमकर हंगामा किया। समिति कर्मचारियों की लापरवाही के विरोध में किसानों ने नारेबाजी करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी।
सहकारी गन्ना विकास समिति मलियाना में पिछले कई माह से किसान रकबे, बेसिक कोटा, उपज बढ़ोतरी में संशोधन को लेकर चक्कर काट रहे हैं। जबकि गन्ना विभाग ने सर्वे से लेकर सुपरवाइजर द्वारा गांव गांव सत्यापन किया।
जिसके बाद समिति प्रांगण में किसान मेले में त्रुटि को लेकर संशोधन कराने की सुविधा दी। इन सब के बावजूद किसानों की समस्या का समाधान नहीं हो सका। गन्ना विभाग की लगातार लापरवाही के चलते किसानों ने मलियाना समिति में जमकर हंगामा करते हुए नारेबाजी की।
किसानों के विरोध और समस्या की जानकारी मिलने पर ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक अमित कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों की समस्याओं पर जानकारी ली। इस दौरान ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक अमित कुमार, समिति सचिव श्रीपाल सिंह ने किसानों से सात नवंबर तक किसानों की समस्याओं को निस्तारित करने का भरोसा दिलाया।

