- 152 बार के रक्तदाता सन्त कमलकिशोर को मिला “एवार्ड आफ एक्सिलेन्स”
जनवाणी ब्यूरो |
सहारनपुर: पिछले दिनों नोएडा में आयोजित “नोएडा स्टेडियम” मे लगे विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में विशिष्ट अतिथि एवं विश्व में सर्वाधिक 152 बार के रक्तदाता ,दिव्य शक्ति अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर सन्तश्री कमलकिशोर जी महाराज को लक्ष्मी नारायण टेम्पल चेरिटेबल ट्रस्ट द्वारा “एवार्ड आफ एक्सिलेन्स” प्रदान किया गया। ट्रस्ट के अध्यक्ष आर एन गुप्ता, सचिव ओ पी गोयल,प्रबन्धक जे एम सेठ और प्रोजेक्ट मैनेजर ए के गुप्ता ने सन्त कमल किशोर को अंगवस्त्र, शाल, रामा व श्यामा तुलसी के पौधे, स्मृति चिन्ह और सम्मान-पत्र देकर सम्मानित किया।
पूर्व डीजीपी प्रकाश सिंह, ब्रिगेडियर डॉ राकेश गुप्ता, चेयरमेन डॉ डीके मोदी और अशोक श्रीवास्तव, महामंडलेश्वर सुरेन्द्र शर्मा, महामंडलेश्वर अरविंदर शास्त्री और पण्डित विद्यासागर चूड़ामणि ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।
सन्त कमलकिशोर ने रक्तदान से आने वाली कमजोरी की धारणा को निर्मूल बताते हुए कहा कि प्रत्यक्ष को प्रमाण की कोई आवश्यकता नहीं होती,और 152 बार रक्तदान करने पर भी 65 वर्ष की आयु मे वे पूर्ण रूप से स्वस्थ हैं। उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होने कहा कि आज का समाज धर्म,जाति,क्षेत्रीयता और सम्प्रदाय की संकीर्ण विचारधारा में बंटा हुआ है। ऐसे में रक्तदाता ,जो इन सबसे ऊपर उठकर रक्तदान यानि अपने जीवन के एक हिस्से का दान कर, मानवता को मुख्य रखकर किसी दूसरे का जीवन बचाता है, ईश्वर की दृष्टि मे सर्वश्रेष्ठ दानी है।

ज्ञात हो की इस रक्तदान के शिविर में 1100 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य रखा गया था किन्तु बहुत से रक्तदाताओं को वापिस भेजना पड़ा। इस शिविर में सेना चिकित्सा कोर,आल इण्डिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साईंसिस (AIIMS), पी जी आई ऑफ चाइल्ड हैल्थ (PGICH),गुरु तेग बहादुर हॉस्पिटल नई दिल्ली, गवर्नमेंट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साईंसिस(GIMS), जिला हस्पताल नोएडा,और नोएडा ब्लड सेंटर से आई टीमों ने रक्त एकत्रित किया। रक्त दान करने में पंजाबी एकता समिति,ब्राह्मण रक्षा दल,राजकीय स्नातकोत्तर महविद्यालय, जी एल बजाज इंस्टीट्यूट के रक्तदाताओं ने अग्रणी भूमिका निभाई।

इस अवसर पर समाज सेवा में उल्लेखनीय योगदान देने पर,धीरेन्द्र सिंह राठौर ,डॉ शालिनी शुक्ला,डॉ शालिनी बहादुर, ए के जैन, जे एम सेठ,ऋतु सेठ,अंबेश भांबरी कृष्ण गोयल, ए के गुप्ता, जी के बंसल,अनुज अग्रवाल, इंजीनियर आर एन गुप्ता, संजीव बांधा, मनोज गोयल, आर के भट्ट, एच सभरवाल,श्रीमती राज रानी,महक सिंह संदीप गुप्ता,के बी बाबुराव ,सुभाष निझावन,श्रीमती शैल माथुर, श्रीमती विद्यावती,श्रीमती सीमा सिन्हा,श्रीमती मुक्ता गोयल, श्रीमती सुषम मंधार,राजीव आजमानी,डॉ मनोज गोयल,संजय मावी,और इन्द्र पाल खंडपुर को सन्त कमलकिशोर ने सम्मानित किया।
लक्ष्मी नारायण टेम्पल चेरिटेबल ट्रस्ट द्वारा इस कार्यक्रम में सभी लोगों के लिए उत्तम भोजन,आकर्षक उपहार,और पर्यावरण रक्षण हेतु पौधे भी वितरित किए गए।

