- सहारनपुर स्मार्ट सिटी की एक अनूठी पहल
जनवाणी ब्यूरो |
सहारनपुर: स्मार्ट सिटी सहारनपुर ने एक अनूठी पहल करते हुए स्मार्ट सिटी का पांचवा स्थापना दिवस ‘शहर की बात-बुज़ुर्गों के साथ’ कार्यक्रम के रुप में आज शहर के वरिष्ठ नागरिकों के साथ हर्षोल्लास से मनाया गया। सैकड़ों वरिष्ठ नागरिकों ने नगर निगम व स्मार्ट सिटी से सम्बद्ध अपने विचार साझा करते हुए अनेक सुझाव दिए।
इस मौके पर ‘फाइव’ के आकार में निर्मित पांच किलो लड्डू का केक भी काटा गया। बाद में सबने एक दूसरे को चंदन लगाकर व पुष्प वर्षा कर होली खेली और एक दूसरे को विकास तथा स्मार्ट सिटी की ओर तेजी से बढ़ते शहर के लिए शुभकामनाएं दी। स्मार्ट सिटी की ओर से सभी वरिष्ठ नागरिकों का पटके पहना कर स्वागत किया गया।

जनमंच परिसर स्थित कुसुम विहार सभागार में सहारनपुर स्मार्ट सिटी लि. के पांचवे स्थापना दिवस का शुभारंभ‘‘माॅ इतनी शक्ति हमें देना…’’प्रार्थना से हुआ। सीनियर वेल्फयर सोसायटी(रजि.) इसमें सहयोेगी रही। स्मार्ट सिटी की सीईओ/नगरायुक्त ग़ज़ल भारद्वाज ने सभी वरिष्ठ नागरिकों का अभिनंदन करते हुए कहा कि चेयरमैन/मंडलायुक्त डाॅ. लोकेश एम के नेतृत्व में स्मार्ट सिटी ने अनेक परियोजनाएं पूरी की है और बाकि परियोजनाएं भी पूर्ण होकर जल्दी ही आप सबके सामने आयेंगी। उन्होंने सीनियर सिटीजन का अनेक योजनाओं में सहयोेग के लिए आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि स्वच्छता अभियान और पार्को के रखरखाव में भी उनका सहयोग मिलेगा।

सोसायटी के संस्थापक अध्यक्ष के एल अरोड़ा, डाॅ.पी के शर्मा, आर पी शर्मा, ए सी पपनेजा, आर के वर्मा, राकेश शर्मा, रंजन गुप्ता, जयपाल सिंह, के के गर्ग, केएल डाबरा व सरदार बवेजा आदि अनेक वरिष्ठ नागरिकों ने पार्कों, सड़कों, सफाई, पाॅलीथिन, आवारा पशुओं, वृद्धाश्रम व नारी निकेतन तथा सुरक्षा व्यवस्था आदि पर सुझाव दिए।
सभी ने एक स्वर से कहा कि सहारनपुर बदल रहा है, लोगों के सपनों का शहर बनने की ओर बढ़ रहा है। वरिष्ठ नागरिकों ने विश्वास दिलाया कि शहर के विकास में वे हर सहयोग देने को तैयार हैं। सभी वरिष्ठ नागरिकों ने सोसायटी की ओर से स्मार्ट सिटी के माध्यम से शहर के विकास के लिए सीईओ/नगरायुक्त ग़ज़ल भारद्वाज को मान पत्र देकर अभिनंदन किया।
एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने कहा कि स्मार्ट सिटी के साथ ही यह प्रयास है कि सहारनपुर पूरी तरह सेफ सिटी रहे। इसके लिए करीब नौ सौ कैमरे लगाये जा रहे हैं जिनमें से करीब पांच सौ कैमरों ने काम करना शुरु कर दिया है। वरिष्ठ नागरिकों के सुझाव पर उन्होंने कहा कि सुरक्षा के मद्दे नजर शहर के सभी क्षेत्रों में पुलिस गश्त को और तेज किया जायेगा।
उन्होंने सीनियर सिटीजन से कहा कि उन्हें किसी भी प्रकार की कोई समस्या हो तो वह थाने पर या उनसे मिलकर उससे अवगत कराएं उनकी मदद की जायेगी। साइबर सेल के प्रभारी सब इंस्पेक्टर विक्रांत भड़ाना ने साइबर सम्बंधी घटनाओं के प्रति सतर्क करते हुए अनेक टिप्स दिए और कहा कि यदि कोई घटना हो जाती है तो तुरंत खबर करें, पूरी मदद की जायेगी।
इससे पूर्व स्मार्ट सिटी के डीजीएम सिविल दिनेश सिंघल, अधिशासी अभियंता अमरेन्द्र गौतम, डीजीएम फाइनेंस अमित कुमार, कंपनी सचिव शंकर तायल, मोहित तलवार आदि ने अतिथियों का बुके देकर स्वागत किया। अपर नगरायुक्त एस के तिवारी ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन डाॅ.वीरेन्द्र आज़म ने किया।

