जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: एकलव्य क्रीड़ा कोष की द्वितीय बैठक में प्राप्त प्रस्तावों पर विचारोपरांत 30 खिलाड़ियों को 17.50 लाख रुपये आर्थिक सहायता दिये जाने पर स्वीकृति प्रदान की गई। खिलाड़ियों के लिए मोबाइल एप पर प्रार्थना-पत्र प्राप्त करने तथा खेल सुविधाओं, खिलाड़ियों व कोच आदि को जीआईएस प्लेटफार्म पर लाने के लिए एक समग्र एप को युवा सारथी पर विकसित किये जाने पर भी निर्णय लिया गया।
साथ ही एकलव्य क्रीड़ा कोष की बैठक प्रत्येक माह के द्वितीय सोमवार को नियमित रूप से आयोजित कराने के निर्देश दिये गये।अपर मुख्य सचिव खेल एवं युवा कल्याण डा. नवनीत सहगल की अध्यक्षता में खेल निदेशालय में सम्पन्न बैठक यह निर्णय लिये गये। बैठक में विजय कुमार यादव को अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रशिक्षण के लिए 2 लाख रुपये, मोहित तेवतिया को शारीरिक संवर्धन एवं डाइट मनी के लिए 1 लाख रुपये एवं रूशील खोसला को शारीरिक संवर्धन, गौतम सिंह को अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रशिक्षण, इच्छा पटेल को आर्थिक सहायता, शक्ति मिश्रा को उच्च प्रतियोगिताओं की तैयारी, सावन चैधरी को आर्थिक सहायता, शारदानंद तिवारी को शारीरिक संवर्धन, शिवांगी सिंह को अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी तथा चौधरी पुष्पेन्द्र को अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए 75-75 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
इनके अलावा अपूर्व वशिष्ट को खेल उपकरण, मो. अर्श को शारीरिक संवर्धन एवं डाइट मनी, आयुष पाण्डेय को खेल उपकरण की खरीद, विशु बालियान को शारीरिक संवर्धन, व्यांशी गौतम को अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी, शौर्या को आर्थिक सहायता, खुशी कश्यप को आर्थिक सहायता तथा विक्रांत सिंह को खेल सामग्री के लिए 50-50 हजार रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई जायेगी। साथ ही मो. तौहीद, रवि रावत, राजीव कुमार, रामपूजन पटेल, बलराम यादव तथा मृत्युंजय सिंह को आर्थिक सहायता तथा शारीरिक संवर्धन के लिए 25-25 हजार की धनराशि स्वीकृत की गई है।

