- बदमाशों ने तमंचे की बट मारकर किया घायल
- घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद, पुलिस जांच में जुटी
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ/खरखौदा: बदमाशों के हौसले एक बार फिर बुलंद हो गए हैं। लूटपाट की घटनाएं एकबारगी बढ़ गई है और पुलिस बदमाशों का पता लगाने में नाकाम साबित हो रही है। खरखौदा थानांतर्गत मेरठ-बुलंदशहर मार्ग पर हापुड़ बॉर्डर के निकट धीरखेड़ा बस स्टैंड पर स्थित शराब के ठेके के सेल्समैन से दिनदहाड़े बाइक सवार तीन बदमाशों ने हथियारों के बल पर एक लाख की नकदी लूट ली।
विरोध करने पर तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया। घटना ठेके पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सेल्समैन से पूछताछ कर अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित ने बदमाशों के खिलाफ लूट की तहरीर दी है।
सीओ किठौर रुपाली राय ने बताया कि गांव छतरी निवासी राजकुमार पुत्र महावीर व धंतला निवासी अजय पुत्र प्रताप की धीरखेड़ा स्थित बस स्टैंड पर अंग्रेजी शराब व बीयर की दुकान है। दुकानों पर धनतला निवासी रोहित पुत्र प्रमोद व धीरखेड़ा निवासी विशाल पुत्र प्रेम सिंह सेल्समैन है। मंगलवार को दिनदहाड़े करीब 11 बजे रोहित अजय से एक लाख की नकदी लेकर बाइक से दुकान पर पहुंचा।

अजय ने एक लाख रुपये रोहित के कैली स्थित बैंक में जमा कराने को दिए थे। इस दौरान जैसे ही रोहित दुकान के सामने पहुंचा तो पीछे से आए काली पेशन प्रो बाइक सवार हथियारबंद तीनों बदमाश रोहित से नकदी से भरा बैग छीनने लगे। बैग छीनने का रोहित ने विरोध किया। छीनाझपटी और शोर शराबा सुन लोगों को आता देख बदमाशों ने पिस्टल व तमंचे निकालकर गोली मारने की धमकी देते हुए रोहित को तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया
और नकदी से भरा बैग लूटकर हवा में तमंचे लहराते हुए मौके से फरार हो गए। घटना दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। साथी सेल्समैन ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। दिनदहाड़े लूट की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। सूचना पर थाना प्रभारी राजीव सहरावत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और अधिकारियों को जानकारी दी।

सूचना पर सीओ किठौर रुपाली राय धीरखेड़ा चौकी पहुंची और पीड़ित से पूछताछ कर घटनास्थल का मौका मुआयना किया तथा सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर कब्जे में ले ली। वहीं, सूचना पर एसपी देहात अनिरुद्ध सिंह थाने पहुंचे और घटना के बारे में सीओ किठौर से जानकारी कर घटनास्थल का मौक मुआयना किया। पुलिस ने घायल को एनसीआर मेडिकल में भर्ती कराया गया। पीड़ित ने थाने पर बदमाशों के खिलाफ लूट की तहरीर दी।
सीसीटीवी कैमरे किए चेक
दिनदहाड़े शराब सैल्समेन से एक लाख रुपये की लूट की घटना से पुलिस में हड़कंप मच गया। शराब की दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद बदमाश मेरठ तरफ जाते दिखाई देने की बात सामने आई। जिसके आधार पर पुलिस घटना के खुलासे में जुट गई और कस्बा सहित मेरठ रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए।

