Friday, March 27, 2026
- Advertisement -

हरिकांत अहलूवालिया ने किया नामांकन

  • कलक्ट्रेट में नामांकन के दौरान मौजूद रहे भाजपाई

जनवाणी संवाददाता |

मेरठ: भारतीय जनता पार्टी महापौर पद के प्रत्याशी हरिकांत अहलूवालिया ने सोमवार को नामांकन पत्र दाखिल किया। उनके साथ सांसद राजेंद्र अग्रवाल, राज्यमंत्री डा. सोमेंद्र तोमर, विधायक अमित अग्रवाल, एमएलसी डा. सरोजिनी अग्रवाल, धर्मेंद्र भारद्वाज, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री रहे सुनील भराला, महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल, चुनाव संयोजक सुरेश जैन ऋतुराज समेत अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।

इससे पहले बेगमपुल स्थित एसजीएम गार्डन में एक सभा का आयोजन किया गया, जिसमें भीड़ नहीं जुटी। यहां चुनाव प्रभारी गाजियाबाद से विधायक पंकज सिंह मौजूद रहे। जिन्होंने पार्टी के डिजिटल वाहनों को झंडी दिखाकर रवाना किया। यहां से एकत्र होकर सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता जुलूस के रूप में कलक्ट्रेट पहुंचे और हरिकांत अहलूवालिया का नामांकन पत्र दाखिल किया।

‘जिन योजनाओं ने दम तोड़ दिया उन्हें आगे बढ़ाना है’

भाजपा से महापौर पद की बागड़ौर संभाल चुके और वर्तमान चुनाव में प्रत्याशी बनाए गए हरिकांत अहलूवालिया ने अपने कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने 2012 से 2017 तक के कार्यकाल में 4399 गलियां बनवाई हैं। महानगर की अधिकतर गलियों में टाइल्स और लाइट लगवाई हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि मेरठ की जनता उन्हें एक बार फिर मेयर पद का दायत्वि देगी।

अपनी प्राथमिकता गिनाते हुए उन्होंने कहा कि मेरठ के ड्रेनेज सिस्टम को सही करने के लिए सांसद और विधायकों से मिलकर एक प्लानिंग तैयार की जाएगी। विशेषज्ञों की टीम के साथ यह देखा जाएगा कि कहां काम करा कर उसका क्या लाभ होने जा रहा है। अगर कहीं एक रुपया भी लगे, तो वह दिखाई दे यही प्रयास रहेगा। वहीं, सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का जनता से सीधा जुड़ाव है।

भाजपा ने पार्षद पद पर 21 मुस्लिम उम्मीदवारों की घोषणा की

स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा ने अपने परम्परागत वोट बैंक के साथ साथ इस बार अल्पसंख्यक वोटों पर भी दावा ठोंक दिया है। पार्टी ने सोमवार को विभिन्न वार्डों से 21 मुस्लिम प्रत्याशियों के नामों की सूची जारी कर दी। महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल के हस्ताक्षरों से जारी सूची के बारे में पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चा के पश्चिमी क्षेत्र के मीडिया प्रभारी नासिर सैफी ने बताया कि इस बार पार्टी का फोकस पसमान्दा समाज पर है और इसके तहत पार्टी ने विभिन्न मुस्लिम वार्डों से 21 मुस्लिम उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है।

वार्ड-55 से गुलशन, 65 से नाजरीन, 68 से हुस्नआरा, 70 से शान मुहम्मद, 71 से इरशाद अंसारी, 72 से तहसीन अंसारी, 73 से दानिश अली, 74 से नसरीन, 75 से शमा परवीन, 76 से सबीला, 77 से अमीर जहां, 79 से मुईनुद्दीन, 81 से शन्नों बेगम, 82 से मो. आसिफ , 83 से मो. रोगिब, 84 से सलमान यूसुफ, 85 से मुरसलीन मलिक, 87 से मो. रईस, 88 से नाजरीन, 89 से अफरोज जहां और वार्ड 90 से बिल्कीस जहां शामिल हैं।

19 29

बताते चलें कि इस बार पार्टी का अल्पसंख्यक मोर्चा पसमान्दा समाज को पार्टी की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए काफी प्रयास कर रहा है तथा विभिन्न मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में हुए पसमान्दा सम्मेलन इसी का एक हिस्सा थे। पार्टी सूत्रों के अनुसार भाजपा ने इस बार प्रदेश में पार्षद व लेकर नगर पालिका के लगभग 200 पदों पर पार्टी ने मुस्लिम चेहरों पर भरोसा जताया है। मीडिया प्रभारी नासिर सैफी ने दावा किया है कि अल्पसंख्यक मोर्चा विभिन्न वार्डों में मुस्लिम उम्मीदवारों के दम पर अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराएगा।

कांग्रेस: पालिका और पंचायत अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों की घोषणा

कांग्रेस ने सोमवार को नगर पालिका और नगर पंचायत अध्यक्ष पदों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। पार्टी के जिलाध्यक्ष अवनीश काजला के हस्ताक्षरों से जारी सूची में 10 नगर पालिका परिषद् व नगर पंचायत अध्यक्षों के नाम शामिल हैं। पार्टी में पार्षद पद की सूची पर अभी भी घमासान जारी है।

हालांकि पार्टी के महानगर अध्यक्ष सलीम पठान ने बताया कि पार्षद पद पर कुल 61 नाम फाइनल हो चुके हैं।  इस संबंध में जब जिलाध्यक्ष अवनीश काजला से पूछा गया तो उन्होंने गेंद महानगर अध्यक्ष के पाले में डाल दी। महानगर अध्यक्ष जाहिद अंसारी का फोन स्विच आॅफ जाता रहा। बताते चलें कि कांग्रेस में टिकट वितरण को लेकर घमासान है और पार्टी के कई कार्यकर्ता महानगर अध्यक्ष जाहिद अंसारी को कटघरे में खड़ा किए हुए हैं।

जिलाध्यक्ष अवनीश काजला ने बताया कि मवाना नगर पालिका परिषद् से दीन मुहम्मद, नगर पंचायत सिवाल खास से नईम, नगर पंचायत खिवाई से हुस्नआरा, नगर पंचायत शाहजहांपुर से अयाज खां, नगर पंचायत करनावल से मान सिंह, नगर पंचायत हर्रा से फरमान, नगर पंचायत लावड़ से प्रवीण, नगर पंचायत फलावदा से ओमबीर, खरखौदा से राजीव त्यागी व किठौर से समा को पार्टी ने अध्यक्ष पद के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया है।  उधर देर शाम तक भी पार्टी की पार्षद पद की सूची का सभी को इंतेजार था, लेकिन वो जारी नहीं हो सकी। इस संबध में महानगर उपाध्यक्ष सलीम पठान ने इतना जरूर बताया कि 61 प्रत्याशियों के नाम फाइनल कर दिए गए हैं।

पार्टी के आॅफिशियल डॉक्यूमेंट्स गायब!

क्या कांग्रेस में सब कुछ बेपटरी। अगर स्थानीय निकाय चुनाव में पार्टी की रणनीति पर नजर डालें तो यही सब कुछ सामने आ रहा है। पहले पार्टी में टिकट वितरण को लेकर महानगर इकाई पर गंभीर आरोप लगे और अब पार्टी के एक महानगर पदाधिकारी बाइक से पार्टी के आॅफिशियल डॉक्यूमेंट्स रहस्यमय ढंग से गायब हो गए। पार्टी सूत्रों के अनुसार पार्टी की महानगर इकाई के एक वरिष्ठ पदाधिकारी पार्टी के किसी काम से महानगर अध्यक्ष जाहिद अंसारी के आवास पर गए थे

और वहीं से यह डॉक्यूमेंट्स गायब हो गए। बताया जाता है कि इन डॉक्यूमेंट्स में स्थानीय निकाय चुनावों से संबधित पूरा लेखा जोखा था। उक्त पदाधिकारी ने आशंका व्यक्त करते हुए कहा कि चूंकि उक्त डॉक्यूमेंट्स किसी आम आदमी के काम के नहीं है लिहाजा उन्हें शक है कि इन डॉक्यूमेंट्स चोरी के पीछे पार्टी के ही किसी कार्यकर्ता का हाथ है।

एक भी टिकट न मिलने से यूथ कांग्रेस भी खफा

टिकट वितरण को लेकर जंग का मैदान बनी कांग्रेस में अब यूथ कांग्रेस ने भी विरोध का झंडा बुलंद कर दिया है। यूथ कांग्रेस के पदाधिकारियों ने पार्टी की मुख्य इकाई के पदाधिकारियों को कठघरे में खड़ा करते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने यूथ कांग्रेस के किसी भी कार्यकर्ता को एक भी टिकट नहीं दिया। पार्टी की महानगर इकाई के पदाधिकारियों का दावा है कि उनके संगठन में कई कर्मठ व जमीन से जुड़े ऐसे कार्यकर्ता हैं जो पार्टी की झोली में कई सीटें डाल सकते हैं

लेकिन इसके बावजूद यूथ कांग्रेस को एक भी टिकट नहीं दिया गया। यूथ कांग्रेस के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि पार्टी प्रभारी संजीव शर्मा से लेकर नसीम खान, अवनीश काजला, महानगर अध्यक्ष जाहिद अंसारी व रंजन शर्मा ने मिलकर वार्ड-81 में एनसीपी के प्रदेश महासचिव की बेटी को गलत ढंग से टिकट दिया। यूथ कांग्रेस के पदाधिकारियों का दावा है कि वार्ड-64 से भी यूथ कांग्रेस ने टिकट की मांग की थी,

लेकिन इसके बावजूद सपा से आए नरेश चौधरी को गलत तरीके से टिकट दे दिया गया। यूथ कांग्रेस के पदाधिकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें एक भी टिकट तक नहीं दिया गया और साथ ही साथ जिला व महानगर अध्यक्ष ने उनके साथ बेहद अभद्र व्यवहार किया। यूथ कांग्रेस ने भी साफ कर दिया है कि अब इन दोनों वार्डों से भी उनके उम्मीदवार निर्दलीय चुनाव लड़ेगे और इसके लिए उन्होंने सोमवार को नामाकंन पत्र दाखिल कर दिया।

spot_imgspot_img

Subscribe

Related articles

पहली अप्रैल का पुरस्कार

वे सीधे-सादे थे और अक्ल के कच्चे थे। सदैव...

टीबी उन्मूलन में भारत की उल्लेखनीय प्रगति

हाल ही में जारी विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की...

गैस संकट पर न हो राजनीति

खाड़ी देशों में चल रहे तनाव का असर अब...

Scam: ईरान युद्ध के नाम पर चंदा ठगी, आईबी ने जारी किया अलर्ट

जनवाणी ब्यूरो | नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्रालय की चेतावनी...
spot_imgspot_img