जनवाणी संवाददाता |
अफजलगढ़: क्षेत्र के गांव रसूलाबाद में गन्ने के खेत में जख्मी पड़े गुलदार के बच्चे को मादा गुलदार पुलिस व ग्रामीणों की आखों के सामने ही उठाकर गन्ने के खेतों में अपने साथ ले गए। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम व पुलिस ने गन्ने के खेतों में ग्रामीणों की मदद से गुलदार के घायल बच्चें को तलाश किया।
वहीं घायल गुलदार के बच्चे की सूचना पर मौके पहुंची सीओ सुनीता दहिया व कोतवाल राजेश कुमार तिवारी ने घटनास्थल का मुआयना किया। गांव रसूलाबाद में किसान बचन सिंह के गन्ने के खेत के पास मार्ग पर रविवार को दोपहर चार बजे ग्रामीणों को घायल गुलदार के बच्चे की आवाज सुनाई दी ग्रामीणों ने घटना की सूचना वन विभाग व पुलिस को दी।
रसूलाबाद चकफेरी मार्ग पर किसान जगदीश सिंह ,बचन सिंह के खेत के निकट मार्ग पर गुलदार के बच्चे की आवाज सुनाई दी नजदीक में पहुंचकर देखा तो घायल गुलदार का बच्चा पड़ा हुआ था। सूचना पर पहुंची सीओ सुनीता दहिया, कोतवाल राजेश कुमार तिवारी व हल्का इंचार्ज साहब सिंह, एसआई संजीव तोमर ने खेतों के आस-पास काम कर रहे किसानों को घायल गुलदार के बच्चे की जानकारी दी।

घायल गुलदार के बच्चे की सूचना मिलने पर घटना स्थल पर किसानों की भीड़ एकत्र हो गए वहीं मौके पर वन विभाग व पुलिस टीम की मौजूदगी में ही मादा गुलदार अपने घायल बच्चे को उठाकर खेतों में घुस गए। वन दरोगा सुनील राजौरा ने जानकारी देते हुए बताया कि संभवत मादा गुलदार का मीटिंग का समय है। जिसके बच्चों को दूर करने के लिये गुलदार ने बच्चे को घायल कर दिया है। किसानों को खेतों पर काम करते समय अपने सुरक्षा के लिए लाठी डंडे साथ लेकर एकत्र होकर खेतों पर काम करें।

