जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: बॉलीवुड के सुल्तान यानी सलमान खान ने खुद को 14 दिनों के लिए आइसोलेट कर लिया है। दरअसल बता दें कि सलमान खान के ड्राइवर अशोक व घर के दो स्टाफ की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिसके बाद एहतियात बरतते हुए सलमान खान ने खुद को आइसोलेट कर लिया है।
खबर है कि केवल सलमान खान ने ही नहीं बल्कि पूरे खान परिवार ने खुद को 14 दिनों के लिए सेल्फ आइसोलेट कर लिया है। कोरोना पॉजिटिव निकले सलमान खान के स्टाफ मेंबर्स को मुंबई के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि इस संबंध में सलमान और उनके परिवार के किसी सदस्य का कोई बयान नहीं आया है।
एक्टर के करीबी सूत्र ने पिंकविला को जानकारी दी है कि सलमान खान इस बात पर नजर बनाए हुए हैं कि उनके स्टाफ मेंबर्स को अस्पताल में अच्छा ट्रीटमेंट मिले। वहीं खबर ये भी है कि सलीम खान और सलमा खान की शादी की सालगिरह पर होने वाले भव्य जश्न को भी रोक दिया गया है।
वर्क फ्रंट की बात करें तो सलमान खान इन दिनों रियलिटी शो बिग बॉस के सीजन 14 की शूटिंग में बिजी थे। उन्होंने अपनी अगली फिल्म राधे योर मोस्ट वांटेड भाई की शूटिंग भी फिर से शुरू कर दी थी। देशव्यापी तालाबंदी के दौरान, सलमान खान पनवेल में अपने फार्महाउस पर रहे थे।
वह अपने दोस्तों के साथ वहां कुछ दिन बिताने के लिए गए थे, और तालाबंदी की घोषणा के बाद कई महीनों तक वहां रहे। उन्होंने लोगों से घर पर रहने और महामारी के दौरान सुरक्षित रहने की अपील करने वाले वीडियो भी शेयर किए थे। उन्होंने फार्महाउस पर अपने डेली रूटीन के कई वीडियो भी साझा किए थे, जिसमें खेती और घुड़सवारी भी शामिल थे।

