- गंभीर अवस्था में महिला शामली से हायर सेंटर रेफर
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: बनत में कच्चे मकान की छत गिरने से एक दंपत्ति दब कर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद कस्बे वालों ने किसी तरह मलबे के नीचे दबे दंपत्ति को बाहर निकाला। घायल महिला को पुलिस ने शामली सीएचसी में भर्ती कराया जहां से गंभीरावस्था में महिला को हायर सेंटर के लिए रैफर कर दिया। हादसे में घर के बाहर खेल रहे तीन मासूम बच्चे भी बाल-बाल बच गए।
शनिवार को आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के कस्बा बनत के मोहल्ला हकीकत नगर निवासी सुभाष पुत्र मंगत सिंह अपनी पत्नी रचना के साथ कच्चे मकान में बैठा कार्य कर रहा था। पत्नी मिट्टी के चूल्हे पर खाना बना रही थी, जबकि उनके तीन बच्चे विकास, आकाश और ज्योति घर के बाहर खेल रहे थे।

बताया जाता है कि इसी दौरान कच्चे मकान की छत भरभरा कर अचानक गिर पड़ी। जिसके नीचे पति-पत्नी दब गए। घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद मोहल्ले वासियों ने किसी तरह घायलों को मलबे से बाहर निकाला और घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने महिला को शामली के राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां महिला रचना की हालत चिंताजनक होने के कारण हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया।
पीएम आवास योजना में अपात्र दर्शान का आरोप
कस्बा हकीकत नगर निवासी सुभाष ने बताया कि वह दो वर्षों से पीएम आवास योजना के लिए आवेदन कर रहा है। लेकिन विभागीय अधिकारियों ने सुविधा शुल्क न दिए जाने पर योजना में शामिल न अपात्र दर्शा दिया गया। पीड़ित का कहना था कि यदि उसके पास रुपये होते तो वह स्वयं ही अपना मकान बना लेता और आज ऐसा हादसा न होता। पीड़ित ने आला अधिकारियों से मामले में जांच कर कार्यवाही किए जाने की मांग की है।

