- गुस्साए परिजनों ने दिल्ली-शामली हाईवे किया जाम
जनवाणी संवाददाता |
शामली: दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर गांव खेड़ीकरमू में अनियंत्रित ट्रक ने रेहडा चालक को चपेट में लेते हुए कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों दिल्ली शामली हाईवे जाम करते हुए हंगामा प्रदर्शन किया। सीओ और पुलिस ने समझा कर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।

शामली कोतवाली क्षेत्र के गांव खेडी करमू निवासी समयदीन उम्र 50 वर्ष रेहड़ा चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। मंगलवार की अलसुबह समयदीन रेहड़ा लेकर घर से मजदूरी के लिए निकला था। जैसे ही वह दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर पहुंचा तो अनियंत्रित ट्रक ने रेहड़ा चालक समयदीन को चपेट में लेते हुए कुचल दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहां मौजूद ग्रामीणों ने ट्रक को घेर लिया लेकिन चालक मौका पाकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने हाइवे जाम करते हुए खूब हंगामा प्रदर्शन किया। सूचना पर सीओ श्यामबीर सिंह व् कोतवाली प्रभारी पुलिस बल के साथ पहुंचे और गुस्साए परिजनों को समझाकर शांत करते हुए शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।

