सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क का प्रयोग जरूरी
जनवाणी ब्यूरो |
बिजनौर: जिलाधिकारी रमाकान्त पाण्डेय ने कलैक्ट्रेट स्थित सभागार/इन्टीग्रेटेड कन्ट्रोल रूम में नियमित रूप से आयोजित होने वाली कोविड-19 के संक्रमण की प्रभावी ढंग से रोकथाम करने सम्बन्धी बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि कोरोना वायरस से संक्रमित होने वाले लोगों के जो भी केस चिन्हित होते हैं।
संक्रमण की स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए उन्हें उपचारार्थ आवश्यकता के अनुसार एल-01 अथवा एल-02 कोविड केयर अस्पतालों में भर्ती कराएं।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी कोरोना पाॅजिटव पाए जाने वाले व्यक्तियों की पूरी गंभीरता और तत्परता के साथ काॅन्टेक्ट ट्रेसिंग कराते हुए उनकी भी जांच कराना सुनिश्चित कराएं।
उन्होंने जिले में बढ़ते कोरोना वायरस के संक्रमण पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जनसामान्य को कोरोना संक्रमण से सुरक्षित रखने के लिए मास्क, सोशल डिस्टेंसिंग के साथ साथ आरोग्य सेतु एप एवं आयुष कवच एप को अपने अपने मोबाइल में अपलोड करना होगा।
उन्होंने बताया कि केन्द्र सरकार द्वारा बनाए गए इन एप्स की मदद से आस पास कोरोना संक्रमण की स्थिति का पता लगाया जा सकता है। उन्होंने जनसामान्य से आह्वान किया कि उक्त दोनों एप्स को कोरोना वायरस के संक्रमण से सुरक्षित रखने के लिए एंड्रॉयड मोबाइल में निश्चित रूप से अपलोड करना सुनिश्चित करें।
समीक्षा के दौरान संज्ञान में आया कि शुक्रवार को कुल 29 कोरोना वायरस संक्रमण के केस पाए गए, जिनको शामिल करते हुए जिले में कुल 1576 कोरोनावायरस पॉजिटिव मिल चुके हैं।
इस अवसर पर नोडल अधिकारी कन्ट्रोल रूम/ उप मजिस्ट्रेट परमानंद झा सहित अन्य संबंधित स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी मौजूद थे।

