- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कोलकाता से वर्चुअल किया दूसरे फेज का उद्घाटन
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: रफ्तार के साथ रैपिड का दायरा भी बढ़ गया। बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअल रैपिड के दूसरे फेज का उद्घाटन कर रैपिड को मेरठ के और नजदीक ला दिया। अब रैपिड का अगला पढ़ाव मेरठ होगा। उल्लेखनीय है कि देश की पहली सेमी हाईस्पीड रैपिड रेल के प्राथमिक खंड पर संचालन पिछले साल 21 अक्टूबर को शुरू कर दिया था। दूसरे फेज का उद्घाटन बुधवार को पीएम ने कोलकाता से वर्चुअल किया।
इस अवसर पर उन्होंने वहीं से रैपिड को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उधर कोलकाता से पीएम ने वर्चुअल उद्घाटन किया तो यहां मुरादनगर रैपिड स्टेशन पर बाकायदा समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के दौरान केन्द्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के अलावा गाजियाबाद से सांसद जनरल वीके सिंह और मेरठ के सांसद राजेन्द्र अग्रवाल भी मौजूद रहे। इसके अलावा एनसीआरटीसी के एमडी विनय सिंह व तमाम विभागीय अधिकारी भी मौजूद थे।
82 में से 34 किमी कॉरिडोर पर संचालन
दिल्ली-मेरठ के बीच रैपिड का कॉरिडोर कुल 82 किमी लंबा है। इसमें से अब कुल 34 किमी पर रैपिड संचालन शुरु हो जाएगा। हालांकि 34 में से 17 किमी के प्राथमिक खण्ड पर रैपिड संचालन लगभग पौने चार माह पूर्व ही शुरु हो चुका है। दूसरे फेज में रैपिड संचालन दुहाई से आगे मुरादनगर, मोदीनगर साउथ एवं मोदीनगर नॉर्थ तक बढ़ गया है।

रैपिड-मैट्रो के साथ मेरठ देश का पहला शहर: पीएम
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि यह मेरठ के लिए गौरव की बात है कि यह शहर देश का ऐसा पहला शहर बन गया है जहां रैपिड एवं मैट्रो एक साथ दौड़ेंगी। प्रधानमंत्री के अनुसार देश में आवागमन की सुविधाओं को विश्वव्यापी बनाया जा रहा है।
विश्व का दूसरा सबसे बड़ा मेट्रो रूट: मंत्री
केन्द्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि आज हमारे यहां 906 किमी लम्बा मेट्रो नेटवर्क है जो शीघ्र ही 940 किमी पहुंच जाएगा। उन्होंने कहा कि उस समय हमारे पास विश्व का दूसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क होगा। जो देश के लिए गर्व की बात है। बुधवार को रैपिड रेल मोदीनगर तक पहुंच गई। रैपिड का अगला पड़ाव अब शीघ्र ही मेरठ होगा। रैपिड अपने दूसरे फेज में हालांकि मेरठ तक पहुंचनी थी, लेकिन मेरठ साउथ स्टेशन पर काम पूरा न होने के कारण इसे फिलहाल मोदीनगर नॉर्थ स्टेशन तक ही चलाया जाएगा।

कल से दौड़ेगी रैपिड
रैपिड (नमो भारत ट्रेन) सेवा 8 मार्च से को सुबह 6 बजे से नए सेक्शन (मुरादनगर से मोदी नगर उत्तर) पर शुरू हो जाएगी। यह ट्रेन सेवा साहिबाबाद से मोदीनगर उत्तर तक पूरे सेक्शन के लिए सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक यात्रियों के लिए उपलब्ध होगी। दोनों दिशाओं में पहली ट्रेन सुबह 6 बजे परिचालन शुरू करेगी और आखिरी ट्रेन टर्मिनल स्टेशनों साहिबाबाद और मोदीनगर उत्तर से रात 8 बजे प्रस्थान करेगी। प्रत्येक नमो भारत ट्रेन में 6 कोच हैं। एक स्टैंडर्ड कोच में 72 सीटें और प्रीमियम कोच में 62 सीटें उपलब्ध हैं। प्रत्येक नमो भारत ट्रेन में प्रीमियम कोच के साथ वाला डिब्बा महिलाओं के लिए आरक्षित है।

