- दंपति के बीच चल रही थी अनबन, शादी के बाद नहीं हुई थी संतान
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: भावनपुर थाना क्षेत्र के गांव अब्दुल्लापुर में एक महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। सुबह पड़ोसियों ने महिला का रक्तरंजित शव घर में पडेÞ देखा तो पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंंची और आसपास के लोगों से जानकारी की। हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हुई है, लेकिन पति सुबह से ही फरार है। परिजनों ने पति के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है।
भावनपुर थाना क्षेत्र गांव अब्दुल्लापुर मोहल्ला हंडिया निवासी गुलफाम रंगाई-पुताई का काम करता है। वह इसके अतिरिक्त भैंसों का भी व्यापार करता है। गुलफाम की शादी दस वर्ष पूर्व मुजफ्फरनगर निवासी मुर्सलीन के साथ हुई थी। फिलहाल उसके पिता लिसाड़ी गेट हीरा गार्डन में अपनी दूसरी बेटी बिलकीस के साथ रहते हैं। गुलफाम के शादी के बाद से कोई संतान नहीं हुई थी। पत्नी मुर्सलीन से अनबन रहने की वजह से वह भी काफी समय से अपनी बहन के यहां रह रही थी।
मुर्सलीन दो दिन पहले ही अपने घर अब्दुल्लापुर में आई थी। बुधवार को पड़ोसियों ने गुलफाम के घर जाकर देखा तो वहां मुर्सलीन खून में लथपथ मृत अवस्था में पड़ी थी। यह देख पड़ोसियों ने बीट इंचार्ज विक्रम सिंह को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही सीओ सदर देहात और थाना प्रभारी भावनपुर संजय द्विवेदी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने देखा कि महिला के गले को धारदार हथियार से काटा गया है।

पुलिस ने जांचपड़ताल के बाद शव का पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया। लोगों ने बताया कि पति सुबह ही घर से निकल जाता था। बुधवार सुबह ही वह घर से निकल गया। उधर पुलिस ने पति गुलफाम के मोबाइल पर संपर्क किया तो वह स्विच आॅफ मिला। महिला के पिता हासिम ने पति के खिलाफ हत्या करने का आरोप लगाते हुए थाना भावनपुर पुलिस को तहरीर दी है।
पुलिस आरोपी पति की तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश देने में जुटी है। उधर थाना भावनपुर प्रभारी का कहना है कि हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है, लेकिन बच्चे न होने की वजह से गुलफाम पत्नी को मारता पीटता था। वह कहता था कि तू मर जाये तो वह दूसरा निकाह कर लेगा। उधर, पड़ोसियों का कहना है कि अक्सर दंपति के बीच मारपीट होती रहती थी।
विवाहिता को अधमरा कर सड़क पर डालकर फरार
सरधना: दहेज की मांग पूरी न होने पर आरोपी ससुरालवालों ने विवाहिता की बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद आरोपी उसे गाड़ी में डालकर लाए और कालंद गांव में मायके के बाहर सड़क पर डालकर फरार हो गए। कोतवाली क्षेत्र के कालंद गांव निवासी श्वेता शर्मा पुत्री श्यामसुंदर शर्मा की शादी वर्ष 2018 में बागपत जिले के कुरडी गांव निवासी युवक के साथ हुई थी। युवती के परिजनों ने शादी में काफी दान दहेज दिया था। मगर ससुराल वाले कम दहेज की बात कहकर विवाहिता का उत्पीड़न कर रहे थे।
कुछ दिन से आरोपी और दहेज की मांग कर रहे थे। जिसके चलते विवाहिता के साथ मारपीट की जाने लगी। मांग पूरी न होने पर बीते नौ मार्च को आरोपियों ने विवाहिता की बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद उसे गाड़ी में डालकर कालंद ले गए। जहां आरोपी विवाहिता को सड़क पर डालकर फरार हो गया। विवाहिता ने किसी तरह मायके पहुंच कर परिजनों को मामले से अवगत कराया। बुधवार को पीड़िता ने कोतवाली पर आरोपी ससुरालियों के खिलाफ तहरीर देते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

