जनवाणी संवाददाता |
बढ़ापुर: भारत बंद के किसानों के आह्वान के साथ भाकियू के कार्यकर्ताओं ने थाना क्षेत्र के इस्लामाबाद चौराहे पर चक्का जाम कर दिया। साथ ही भाकियू के ब्लॉक महामंत्री ने बताया कि यदि सरकार अब भी नए कृषि कानून वापस नही लेती है तो अब भाकियू कार्यकर्ता अपने इलाके के विधायक व सांसदों के घरों के घेराव की तैयारी करेंगे। सरकार को हर हाल में कृषि कानून वापस लेने होंगे।
सरकार द्वारा लाये गए नए कृषि कानून के विरोध में जहाँ एक औऱ दिल्ली में किसानों ने आंदोलन किया हुआ है। वही दूसरी ओर थाना क्षेत्र के इस्लामाबाद चौराहे पर भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले सैकड़ो किसानों ने सड़क के बीचों बीच ट्रैक्टर ट्रॉली खड़ी कर सड़क पर आवगमन बन्द कर दिया।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के नजदीक होने के चलते इस बार कई जिला पंचायत सदस्य पद प्रत्याशी भी भाकियू के इस चक्का जाम में कूद पड़े। वार्ड नं सात से आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी शाहिद मंसूरी भी अपने समर्थकों सहित चक्का जाम में पहुंच गए। जहां पर उन्होंने बताया कि वह पहले एक किसान के बेटे है इसीलिए वह किसानों के साथ खड़े हैं।
ब्लॉक महामंत्री विजेंद्र सिंह ने बताया कि सरकार द्वारा लाये गए नए कृषि कानूनों को खत्म करने के लिये किसान सड़को पर है। जिसके लिये किसान सरकार से हर जंग के लिये तैयार है। यदि सरकार अब भी तीनो नए कृषि कानून वापस नही लेती है तो अब किसान अपने इलाके के विधायक व सांसदों के घरों का घेराव करेंगे तथा उनका हुक्का पानी भी बंद करने से पीछे नही हटेंगे।
कुबेरपाल सिंह की अध्यक्षता व शीशराम सिंह के संचालन व भाकियू के तहसील अध्यक्ष वीर सिंह डबास व ब्लॉक महामंत्री विजेंद्र सिंह के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में पदम् सिंह, हेमचन्द भारती, मारूफ खान,सुमन शर्मा, उमेश चन्द शर्मा, सतीश, मोहम्मद यासीन, मोहम्मद शरीफ, मकसूद राइन आदि सेकड़ो किसान मौजूद रहे।

