- अब एक्सप्रेस-वे को चलाएगी निजी कंपनी
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे का एक अप्रैल से टोल में वृद्धि हो जाएगी। टोल वृद्धि के साथ ही दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे को एक अप्रैल से निजी कंपनी संभाल लेंगी। इस तरह से दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे अब निजी हाथों में चला जायेगा।
अब तक एनएचएआई ही टोल वसूली कर रही थी। टोल वसूली से लेकर रखरखाव और मरम्मत का काम निजी कंपनी द्वारा किया जाएगा। हालांकि एक्सप्रेस-वे का निर्माण करने वाली कंपनी को उस अवधि तक मरम्मत कार्य देखना होगा, जो शर्तें टेंडर में निर्धारित की गई थी।
इसके बाद नेशनल हाइवे अथॉरिटी आॅफ इंडिया की जिम्मेदारी सिर्फ सुविधाओं पर नजर रखने की होगी। एनएचएआई के अधिकारियों का कहना है कि क्यूब हाइवे एंड इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड की तरफ से एक्सप्रेस वे का काम अगले 20 वर्षों तक देखा जाएगा। कंपनी अभी टोल वसूली के साथ ही अतिरिक्त सुविधाओं को बढ़ाने पर काम करेगी। हालांकि जिन कंपनियों ने एक्सप्रेस-वे का निर्माण किया है उनकी मरम्मत संबंधी अनुबंध अवधि बची हुई है। इसके कारण क्यों हाइवे द्वारा मरम्मत कार्य निर्माण एजेंसियों की अवधि खत्म होने के बाद ही किया जाएगा।
एक्सप्रेस-वे के पहले चरण, दूसरे व तीसरे चरण में निर्माण एजेंसियों के पास यातायात के लिए खोले जाने की तिथि से 14 वर्ष तक मरम्मत का कार्य करना है। ऐसे में अभी तीन चरणों में करीब 10 से 12 वर्ष तक मरम्मत निर्माण करने वाली एजेंसियां ही दिखेगी। निर्माण एजेंसी को चौथे चरण में निर्माण कार्य करीब 1 से 2 वर्ष और देखना है। अधिकारियों का कहना है कि अगर कहीं पर एंबुलेंस के अलावा शौचालय बनाए जाने हैं, जो पहले से टेंडर की शर्तों में शामिल नहीं है, तो वह समस्त काम टोल आॅपरेटर ट्रांसफर पर लेने वाली कंपनी क्यूब हाइवे द्वारा ही किए जाएंगे।
भाजपा महानगर अध्यक्ष से कार पार्किंग को लेकर अभद्रता
मेरठ: भाजपा के महानगर अध्यक्ष सुरेश जैन ऋतुराज से कुछ लोगों ने घंटाघर क्षेत्र में अभद्रता कर दी। हालांकि प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि भाजपा नेता संयम से पेश आए। बताया जाता है कि गाड़ी पार्क करने को लेकर कुछ विवाद हुआ था। घंटाघर टाउन हाल में पार्किंग चलाने वाला शख्स भाजपा नेता से गाड़ी खड़ी करने को लेकर अभद्रता करने लगा। आसपास के लोग जो सुरेश जैन ऋतुराज को पहचानते थे,
उन्होंने भी उक्त शख्स से इस प्रकार से पेश न आने को कहा, लेकिन बताया जाता है कि अभद्रता कर रहा शख्स कुछ भी सुनने को तैयार नहीं था। भाजपा नेता से अभद्रता की जानकारी जब थाना देहलीगेट पुलिस को मिली तो इंस्पेक्टर ने भाजपा नेता को काल कर कार्रवाई की बात कही, लेकिन भाजपा नेता ने थाने जाकर तहरीर देने की बात से इंकार कर दिया। सुरेश जैन ऋतुराज ने बताया कि वह किसी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं चाहते।
भूमियापुल पर आगरा के कारोबारी से मारपीट
मेरठ: ब्रहमपुरी थाना के भूमिया पुल इलाके में आगरा के एक कारोबारी से एक अन्य कारोबारी ने मारपीट कर दी। पीड़ित ने थाना पुलिस से शिकायत की है। बताया गया है कि आगरा निवासी अयान जूते के कारोबारी हैं। वो मेरठ मे अनेक दुकानदारों को माल सप्लाई किया करते हैं। ईद के मद्देनजर वह माल की डिलवरी व आर्डर लेने के सिलसिले में शुक्रवार को मेरठ आए थे। भूमियापुल इलाके में सलमान आॅडी भी जूतों की दुकान चलाते हैं। किसी बात को लेकर उन्होंने आगरा के कारोबारी से अभद्रता व मारपीट कर दी। वहां हंगामा हो गया। काफी लोग जमा हो गए। बाद में पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी थी।

