जनवाणी ब्यूरो |
चंडीगढ़: पंजाब स्कूल एजुकेशन बोर्ड ने कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट घोषित कर दिया है। जो भी छात्र इस साल परीक्षा में शामिल हुए थे, वे कल से आधिकारिक वेबसाइट pseb.ac.in पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं। परीक्षा 13 फरवरी से 05 मार्च तक एक ही पाली में – सुबह 11 बजे से दोपहर 2:15 बजे तक आयोजित की गई थी। परीक्षा में करीब 3 लाख छात्र शामिल हुए थे। सभी छात्र कल, यानी 19 अप्रैल से अपना रिजल्ट देख पाएंगे।
पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से 10वीं कक्षा का रिजल्ट घोषित कर दिया गया है। इस बार का पास प्रतिशत 97.24 फीसदी रहा है। इस बार भी परीक्षा परिणाम में लड़कियों ने ही बाजी मारी है।
लुधियाना के स्कूल की दो छात्राएं बनीं टॉपर
पहले तीन स्थानों पर लड़कियां रही हैं। लुधियाना के स्कूल तेजा सिंह स्वतंत्र मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल शिमलापुरी की अदिति ने टॉप किया है। दूसरे स्थान पर इसी स्कूल की अलीशा शर्मा रही है। तीसरे स्थान पर बाबा बकाला की करमनप्रीत कौर रहीं। इस बार भी रिजल्ट में लड़कियों ने बाजी मारी है।
ग्रामीण क्षेत्रों का बेहतर प्रदर्शन
इस बार दसवीं में 98.11 फीसदी लड़कियां पास हुई हैं। वहीं लड़कों का पास प्रतिशत 96.47 रहा। ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों का परिणाम 97.58 फीसदी रहा। यह अर्बन एरिया के 96.60 फीसदी से अधिक है। पिछले साल दसवीं का परिणाम 97.54 फीसदी रहा था।
करीब तीन लाख विद्यार्थियों ने दी थी परीक्षा
पंजाब बोर्ड ने 13 फरवरी से 5 मार्च तक दसवीं की परीक्षा आयोजित करवाई थी। करीब तीन लाख विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया था। बोर्ड की तरफ से राज्य का पास प्रतिशत और मेरिट सूची जारी की गई है। विद्यार्थी अपना परीक्षा परिणाम शुक्रवार सुबह ही देख पाएंगे।

