- लोगों की खानपान में जरा-सी लापरवाही भी इस मौसम में पड़ सकती है भारी
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: जैसे-जैसे गर्मी का तापमान दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। वैसे ही लोगों को गर्मी के इस मौसम में अपने खानपान में अधिक सावधानी बरतनी चाहिए। लोगों की खानपान में जरा सी लापरवाही भी इस मौसम में भारी पड़ सकती है। इस मौसम में पाचन और अम्लीयता की समस्या आम है। इससे बचने के लिये हरी सब्जियां और ताजा खाना खाएं और ऐसी सब्जियां खाने में शामिल करें, जिनकी तासीर ठंडी हो अर्थात जो शरीर को ठंडक पहुंचाएं।
गर्मियों में अपनी थाली में सलाद के तौर पर खीरा, ककड़ी जरूर शामिल करें। खीरे में पानी अधिक होने की वजह से यह शरीर को हाइड्रेट रखता है। इसमें पानी की भरपूर मात्रा होने के कारण शरीर में पानी की कमी नहीं होती। इसके साथ ही यह पेट को ठंडक तथा कब्ज में राहत पहुंचाता है। इसके साथ ही आप फ्रूट सलाद भी खाने में शामिल कर सकते हैं। नींबू विटामिन-सी का सबसे अच्छा स्रोत है। गर्मियों में खुद को तरोताजा रखने के लिए प्रतिदिन नींबू का सेवन सलाद में या फिर नींबू पानी के तौर पर समय-समय पर करते रहना चाहिए।
इसमें मौजूद विटामिन-सी बॉडी को हाइड्रेट करने में मदद करता है। साथ ही हाइड्रोक्लोरिक एसिड और पित्त सिकरीशन को बढ़ाता है। जिससे एसिडिटी की समस्या से निजात मिलती है। इसके साथ यह त्वचा पर नमी और ग्लो लाने में कारगर है। दही और छाछ में प्रोबायोटिक गुण पाए जाते हैं, जो शरीर को ठंडा रखने का काम करते हैं। छाछ में विटामिन और खनिज अच्छी मात्रा में होने के कारण यह पाचन क्रिया में भी मदद करता है।
गर्मियों में शरीर में पानी की कमी होना स्वाभाविक है। इसके लिये जरूरी है की गर्मियों में पानी वाली सब्जियों का सेवन किया जाए। अत: तोरी, लौकी, टिंडा इत्यादि खाएं साथ ही करेला, हरी मिर्च, परवल, प्याज का भी सेवन भी करें। करेले में विटामिन सी, आयरन, जिंक, पोटेशियम जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं तो भिंडी में कैल्शियम व फाइबर पाई जाती है।
करें हल्का भोजन
डाइटिशियन दिशा कुच्छल बताती है कि गर्मियों के दिनों में जरूरी है कि हल्का भोजन करें। आप चाहें तो थोड़ा-थोड़ा कर के कई बार खा सकते हैं, लेकिन एक ही बार अधिक खाने से परहेज करें। बहुत ज्यादा कार्बोहाइड्रेट और फैट वाले फूड से शरीर में बहुत अधिक गर्मी पैदा होती है। इसलिये ताजे फल और सब्जियों का सेवन बढ़ा दें, जिनमें पानी की मात्रा अधिक होती है, जैसे कि संतरे, तरबूज, टमाटर, नारियल पानी आदि।
ये बरते सावधानी
- खुले में भोजन को न रखे।
- ताजा खाना खाए।
- ज्यादा देर के कटे हुए फल ना खाए।
- रात को हल्का भोजन करे।
- ज्यादा तेल व मसाले का खाना ना खाएं

