- इसके खिलाफ लिखा-पढ़ी की जा रही है
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: दिल्ली रोड स्थित शॉप्रिक्स मॉल की पार्किंग में युवती के साथ कार में में अश्लील हरकत के विरोध पर सिक्योरिटी गार्ड को कार से टक्कर मारकर भागने वाला ब्रह्मपुरी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाल रंग की ब्रेज भी बरादम कर ली है। एसएसआई भरत सारस्वत ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का नाम अफजाल पुत्र अबरार निवासी सलेमपुर, रानीपुर हरिद्वार है। इसके खिलाफ लिखा-पढ़ी की जा रही है। यह पूरा मामला तीन दिन पुराना है।
आरोप है कि बीते बुधवार को दिल्ली रोड स्थित शॉप्रिक्स माल की पार्किंग में शाम पांच बजे मॉल की पार्किंग में लाल रंग की ब्रेजा कार में सवार युवक और युवती अश्लीलता कर रहे थे। बाहर से कार में हरकत देख वहां मौजूद सुरक्षा गार्ड भरत सिंह ने कार के शीशे पर टार्च मारी और सिक्योरिटी कंपनी के सुरक्षा अधिकारी संदीप मलिक को जानकारी दी। संदीप ने वाकी-टाकी पर पार्किंग से बाहर निकलने वाले गेट को बंद करने का निर्देश दिया। इसी बीच युवक कार को तेजी से भगाकर पूर्वी गेट पर पहुंचा। गेड पर तैनात सुरक्षा गार्ड नरेंद्र गेट को बंद कर रहा था।
युवक ने कार से नरेंद्र को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। नरेंद्र और गेट दूर जाकर गिरे। युवक कार को दौड़ाकर बिजली बंबा बाइपास से होते हुए फरार हो गया। ब्रह्मपुरी पुलिस ने चेकिंग के दौरान आज उक्त घटना को करने वाले अफजाल को गिरफ्तार कर लिया। उसने बताया कि उसके साथ कोई युवती नहीं थी। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार, उप निरीक्षक भरत सारस्वत, उप निरीक्षक यूटी अभिषेक व हेड कांस्टेबल मुस्तकीम भी शामिल रहे। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन चौकस पुलिस टीम ने आरोपी को दबोच लिया। उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
जिसके साइन किए शून्य, उसी के बिलों पर रिलीज की सेलरी
मेरठ: आदर्श जूनियर हाईस्कूल साधन की जिस प्रबंध समिति के प्रबंधक के हस्ताक्षर बीएसए ने डिप्टी रजिस्ट्रार की रिपोर्ट को आधार मानकर शून्य कर दिए थे, आॅफिस के एओ ने उसी प्रबंधक के साइन किए बिलों पर स्टॉफ की सेलरी रिलीज कर दी। मामले का खुलासा होने के बाद अब स्कूल के स्टॉफ को दो माह से सेलरी नहीं मिली है। इस सारे फसाद की जड़ स्कूल की दो-दो प्रबंध समितियां बतायी जाती हैं। अब डिप्टी रजिस्ट्रार ने एसडीएम को पत्र भेजकर स्कूल की दोनों समितियों का विवाद निपटाने का आग्रह किया है। दोनों समितियों का यह विवाद अब एसडीएम मवाना अंकित कुमार के यहां विचाराधीन है।
आदर्श जूनियर हाईस्कूल साधन मवाना की दो-दो प्रबंध समितियों के विवाद में बीएसए ने गत एक अप्रैल 2024 को प्रबंधक ब्रजपाल के साइन शून्य कर दिए। हस्ताक्षर शून्य किए जाने के बाद उनके सभी प्रकार के वित्तीय अधिकार स्वत: समाप्त हो गए। आरोप है कि इसके बावजूद स्कूल के स्टाफ की सेलरी के माह अप्रैल व मई के बिलों पर साइन किया। मुसीबत यहीं तक नहीं रही, जिस शख्स के साइन बीएसए ने शून्य किए थे उस शख्स के साइन किए बिलों पर बीएसए आॅफिस के एओ ने स्टॉफ की सेलरी रिलीज कर दी। इस चूक का जब खुलासा हुआ तो हड़कंप मच गया। प्रबंध समिति का विवाद अब एसडीएम के यहां विचाराधीन है।

