- मेजर ध्यानचंद के जन्मदिन को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाने की तैयारियां तेज
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: स्थानीय कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में आगामी 23 अगस्त से 11 विभिन्न खेलों में विभिन्न आयुवर्ग के खिलाड़ी बालक और बालिका प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। मौका होगा हाकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाये जाने का। आयोजन का समापन 29 अगस्त को किया जायेगा। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी कार्यालय द्वारा बुधवार को जानकारी दी गई कि मेजर ध्यानचन्द के जन्मदिवस 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाते हुए कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम मेरठ में 23 से 29 अगस्त तक सुबह 9 बजे से जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा।
बताया कि विभाग द्वारा उक्त प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों की बड़ी संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिये जनपद के इच्छुक खिलाड़ी और सभी स्कूल-कालेजों के प्रिंसिपल को कालेज की टीम और खिलाड़ियों को भेजने को कहा गया है। प्रतियोगिताओं मे अपने कालेज की टीम को भेजने के लिये कालेज के पैड़ पर खिलाड़ी का नाम, पिता का नाम, जन्मतिथि अंकित करते हुए 22 अगस्त तक सूचना कुलविन्दर सिंह अंशकालिक प्रशिक्षक को दूरभाष 8923463293 पर भेजनी होगी। बताया कि यह खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में नि:शुल्क प्रतिभाग कराया जायेगा और साथ ही विजेता, उपविजेता खिलाड़ियों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किये जायेंगे। साथ ही बताया कि एक दिन में दो प्रतियोगिताएं आयोजित की जायेंगी।
यूपी स्टेट सर्कल कबड्डी में दूसरे स्थान पर रहे मेरठ के खिलाड़ी
मेरठ: मेरठ के खिलाड़ियों ने गाजियाबाद में आयोजित बालिका एवं बालिका वर्ग सर्कल कबड्डी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के दम पर दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं, बालिकाओं की टीम में शामिल खिलाड़ियों ने शानदार खेल की बदौलत गोल्ड हासिल किया। टीमों की इस उपलब्धि पर मेरठ सर्कल कबड्डी के जिला समिति ने बधाई देते हुए आगामी प्रतियोगिता के लिये शुभकामनाएं दी।
उत्तर प्रदेश सर्कल कबड्डी सचिव और मुख्य आयोजनकर्ता सुनील तेवतियां ने बताया कि जिला गाजियाबाद में बालक और बालिका वर्ग की सर्कल कबड्डी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस राज्य प्रतियोगिता में मेरठ ने बालक वर्ग में रजत पदक जीतकर इतिहास रचा। प्रतियोगिता में गाजियाबाद की टीम प्रथम स्थान पर रही दूसरे स्थान पर मेरठ तथा तीसरे स्थान गौतमबुद्धनगर की टीम रही। प्रतियोगिता में सर्कल कबड्डी प्रदेश अध्यक्ष परवेज अली मुख्य आयोजन कर्ता के रूप में मौजूद रहे। मेरठ सर्कल कबड्डी जिला अध्यक्ष सचिन, मेरठ सर्कल कबड्डी के सचिव राहुल भाटी प्रतियोगिता में उपस्थित रहे।
बालक वर्ग में मेरठ जिले की टीम ने टीम कैप्टन अनुज बैंसला के नेतृत्व मे शानदार प्रदर्शन किया। टीम में शोभित चौधरी, अवनीश भाटी, हिमांशु पंवार, प्रीत भाटी, मोहम्मद रब्बन, सैफ रिजवी, मोनू भाटी, प्रेरित भाटी, आशीष जिंदल आदि ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। वहीं, बालिका वर्ग में टीम कैप्टन सोनिका बैंसला के नेतृत्व में टीम खिलाड़ी, प्राची मोरल, दिशा, देवांशी, आसमा, रूपा आदि ने शानदार प्रदर्शन कर गोल्ड मेडल पर कब्जा किया। टीम कोच अजीम रिजवी ने सभी खिलाड़ियों को शानदार जीत के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की।

