- भाजपा पार्षद का साला साथी समेत फरार, पहले भी हत्या में जा चुका है जेल
- दर्जनभर लोग पुलिस की हिरासत में, अभी तक नहीं दर्ज की रिपोर्ट
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: बीते शनिवार को नौचंदी थाना क्षेत्र के सेंट्रल मार्केट से सटी पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर मकान खाली कराने को लेकर हुई फायरिंग और तोड़फोड़ की घटना में पुलिस 24 घंटे बाद भी खाली हाथ है। पीड़ित परिवार द्वारा पुलिस को आरोपियों के वीडियो और फोटो सहित नाम तक देने के बाद भी पुलिस दिन भर लकीर पीटती रही और सीसीटीवी खंगालने के नाम पर महज खानापूर्ति करती रही। उसने पीड़ित परिवार को आश्वासन देकर थाने से लौटा दिया।
हालंकि पुलिस ने गोली लगने से घायल सतेंद्र चौधरी की तहरीर पर सात नामजद आरोपियों सहित 8-10 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शनिवार दोपहर से ही सतेंद्र के भाई शैलेंद्र पुत्र स्व. बलबीर को हिरासत में लिया हुआ है और घटना में शामिल शैलेंद्र की अर्टिगा कार को भी थाने में खड़ा करा दिया है। सतेंद्र के बेटे नकुल ने बताया कि पथराव और तोड़फोड़ की घटना के बाद शैलेंद्र की पत्नी गीतू घर के सामने वाले मकान में बैठी थी, जब झगड़ा करने के बाद सब फरार हो गए तो आरटीओ रोड पर शैलेंद्र अपनी पत्नी गीतू का इंतजार कर रहा था, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया गया।
शास्त्रीनगर 74/1 मकान खाली कराने का ठेका लेने वाला कोई और नही बल्कि वार्ड-61 से भाजपा पार्षद वीरेंद्र शर्मा उर्फ बिल्लू का सगा साला नीरज शर्मा उर्फ टिल्लू पंडित है, जो वीडियो में गोली चलाता साफ नजर आ रहा है। सतेंद्र के बेटे नकुल ने बताया कि बड़ी बुआ के बेटे रोहन उर्फ मोंटी ने भाड़े पर टिल्लू पंडित और जॉन स्मिथ को मकान को खाली न करने पर गोली चलाने लिए हायर किया था। रोहन उर्फ मोंटी बेंगलूरु में रहता है। रोहन की दोस्ती नीरज उर्फ टिल्लू पंडित और जॉन स्मिथ से है।
रोहन ने ही उसे अपनी मां शैलेश से मिलवाया था जिसके बाद सभी प्लानिंग के साथ शास्त्री नगर मकान पर पहुंचे और घटना को अंजाम दिया। आरोपियों का पेशा विवादित संपत्ति को कब्जाना और पैसे लेकर फायरिंग कर संपत्ति को खाली कराना बन चुका है। जो वीडियो में आरोपी कैद हुए हैं, उसमें नीरज उर्फ टिल्लू पंडित है और दूसरा आरोपी जॉन स्मिथ है। पुलिस ने भी इस बात की पुष्टि की है।
तीन आरोपी और दो महिला हिरासत में
फायरिंग के मामले में नौचंदी पुलिस ने शैलेंद्र, अक्षय भड़ाना, मकान के खरीदार व्यापारी और शैलेंद्र की पत्नी गीतू और शैलेंद्र की मां को हिरासत में लिया है। दिन पुलिस दबिश देती रही और मीडिया से बचती रही। आरोपियों से पूछताछ करने के लिए दोपहर को सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी थाने पहुंचे, लेकिन मीडिया को कुछ भी बताने से इंकार कर दिया।
कल की घटना में घायल विवेक चौधरी ने बताया कि गत 31 फरवरी, 2024 को अपनी शादी की कॉकटेल पार्टी रखी थी। जिसमें बुआ के बेटे रोहन ने टिल्लू पंडित से मिलवाया था और शराब के नशे में कमेंट बाजी होने पर धमकी दी थी। हमले के बाद पीड़ित के घर पर सुरक्षा के मद्देनजर दो पुलिसकर्मी रायफल सहित तैनात कर दिए हैं। इस बीच, थाना प्रभारी ईलम सिंह का कहना है कि मामले में जांच चल रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है।
छात्र नेता हत्याकांड में जा चुका है जेल
8 जुलाई, 2016 को तेजगढ़ी पर होटल आॅल इज वेल में शराब पार्टी के दौरान जागृति विहार निवासी प्रशांत चौधरी उर्फ रोबिन की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जिसमें टिल्लू पंडित समेत कई आरोपी जेल गए थे। फिलहाल जमानत पर बाहर है।

