जनवाणी ब्यूरो |
यूपी: कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के आजम खां से जेल में मुलाकात करने को लेकर निशाना साधा है। अम्बेडकरनगर में राजभर ने सवाल उठाया कि आजम खां लंबे समय से जेल में बंद हैं, लेकिन अखिलेश यादव अब तक उनसे मिलने क्यों नहीं पहुंचे। उन्होंने इस मुलाकात को चुनावी जुमला बताते हुए आरोप लगाया कि अखिलेश यादव चुनाव को ध्यान में रखकर आजम खां से मिलने गए हैं।
मुसलमानों की सत्ता में भागीदारी को लेकर क्या बोले राजभर?
ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि मुसलमानों को भी सत्ता में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की इच्छा रखनी चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि आखिर मुसलमान कब तक दूसरों के लिए दरी बिछाते रहेंगे।
राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव चाहते हैं कि भाजपा का डर दिखाकर मुसलमानों के वोट समाजवादी पार्टी को मिलते रहें। उनके इस बयान को मुस्लिम मतदाताओं और सपा की राजनीति को लेकर उनकी आलोचना के रूप में देखा जा रहा है।
सपा-कांग्रेस गठबंधन पर भी साधा निशाना
ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन को लेकर भी तंज कसा। उन्होंने दावा किया कि सपा कांग्रेस को 170 सीटें कभी नहीं देगी। राजभर ने कटाक्ष करते हुए कहा कि दोनों दल सीटों के बंटवारे पर बातचीत करते रहेंगे और इसी बीच चुनाव आ जाएगा, जबकि कांग्रेस दौड़ते-दौड़ते थक जाएगी।
सपा के साथ पुराने अनुभव का किया जिक्र
राजभर ने समाजवादी पार्टी के साथ अपने पुराने राजनीतिक अनुभव का भी हवाला दिया। उन्होंने कहा कि वह सपा के साथ रह चुके हैं और उनके अनुसार, पार्टी अपने सहयोगियों को इतना दौड़ाती है कि आखिरकार वे साथ छोड़ने को मजबूर हो जाते हैं।
ओम प्रकाश राजभर के इन बयानों के बाद अखिलेश यादव की आजम खां से मुलाकात और सपा-कांग्रेस गठबंधन को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

