Saturday, April 4, 2026
- Advertisement -

अब बेगमबाग में लाखों की चोरी से इलाके में हड़कंप

  • लालकुर्ती पुलिस ने पहले तो दिया टरका, बामुश्किल ली तहरीर

जनवाणी संवाददाता |

मेरठ: बॉम्बे बाजार स्थित 210-बी की लाखों की चोरी का अभी खुलासा भी नहीं हो पाया था कि शनिवार को घनी आबादी वाले शहर के पुराने इलाके से बंद मकान में चोरी की खबर से सनसनी फैल गई। वहीं, दूसरी ओर इतनी बड़ी चोरी से बेगमबाग के लोग दहशत में हैं। परिवार बाहर गया हुआ था। शुक्रवार को जब परिजन लौटे तो बदमाश पूरा घर खंगाल चुके थे। चोरी की इस वारदात की तहरीर ही थामने में थाना पुलिस ने चौबीस घंटे लगा दिए, खुलासा कब किया जाएगा यह कहा नहीं जा सकता।

लालकुर्ती थाना क्षेत्र के बेगमबाग में चोरों ने बंद मकान खंगाल दिया और नकदी व कीमती सामान समेटकर ले गए। वारदात का पता गृहस्वामी को घर लौटने पर चला। मामले में पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस जांच कर रही है। सीसीटीवी कैमरे में एक बदमाश कैद बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, मूलरूप से लावड़ निवासी गौरव गुप्ता पिछले कुछ समय से बेगमबाग में रह रहे हैं। परिवार में मां के अलावा भाई भी है। मां के नाम लावड़ में सरकारी राशन की दुकान है, जिस कारण वह अक्सर वहीं रहती हैं।

बेटे भी बीच बीच में गांव जाते रहते हैं। करीब एक सप्ताह से दोनों भाई लावड़ गए थे और बेगमबाग वाले घर पर ताला पड़ा था। इस दौरान चोरों ने ताले तोड़ दिए और लाखों का सामान व नकदी समेटकर फरार हो गए। घटना का पता शुक्रवार को उस वक्त चला जब गौरव गुप्ता अपने भाई के साथ घर पहुंचे। ताले टूटे देख उन्होंने डायल 112 पर सूचना दी। कुछ ही देर में लालकुर्ती पुलिस पहुंच गयी और मामले की जानकारी ली। गौरव ने बताया कि बदमाश अलमारी से करीब सवा लाख रुपये,

50 हजार रुपये कीमत के नए कपड़े, दो लाख रुपये कीमत की ज्वेलरी चोरी कर ली। सीसीटीवी के मुताबिक घटना सुबह चार बजे की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू की है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि पुलिस चोरों की तलाश कर रही है। एक बदमाश सीसीटीवी कैमरे में दिखाई दे रहा है। पुलिस उसकी पहचान करा रही है। जल्द वारदात का खुलासा किया जाएगा।

बॉबे बाजार की तरफ भागे बदमाश, नौकरों से पूछताछ

मेरठ: सदर थाना क्षेत्र के तहत 210-बी निवासी रियल एस्टेट कारोबारी राजीव सिंहल के यहां चोरी की वारदात को अंंजाम देने के बाद बदमाश बॉम्बे बाजार से होकर फरार हुए थे। बदमाशों का सुराग लगाने के लिए पुलिस अब तक 200 सीसीटीवी कैमरे खंगाल चुकी है। वहीं, दूसरी ओर पुलिस का मानना है कि चोरी की इस बड़ी वारदात में किसी ऐसे शख्स का हाथ है, जिसको पहले से पता था कि राजीव सिंहल पत्नी डिंपल के साथ वृंदावन गए हुए हैं। उनके मकान पर लगातार नजर रखी जा रही थी।

फुल प्रुफ प्लानिंग के साथ ही चोरी की वारदात अंजाम दी गयी। पुलिस अफसरों का मानना है कि एक अकेले बदमाश ने जिस तरह पूरी घटना को अंजाम दिया, उससे साफ है कि बदमाश को घर के भीतर की पूरी जानकारी थी। कहां कैश और ज्वेलरी रखी है, इसकी भी जानकारी थी। पुलिस अब तक घर के नौकरों तथा राजीव के यहां काम करने वाले ऐसे लोगों जिनका घर में आना जाना था, से भी पूछताछ कर चुकी है।

राजीव बंसल के यहां चोरी की वारदात के खुलासे के लिए चार थानों की पुलिस लगाई गयी है। इनमें थाना सदर बाजार के अलावा थाना लालकुर्ती व कंकरखेड़ा की पुलिस को भी लगाया गया है। खुलासे के लिए सर्विलांस टीम सेंट्रल में रहकर काम कर रही है। तमाम सूचनाएं सर्विलांस की टीम पर जमा हो रही हैं। ये टीमें सीधे एसपी सिटी को रिपोर्ट कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि घटना का शीघ्र ही खुलासा कर दिया जाएगा। महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।

उन पर आगे काम किया जा रहा है। चोरी की वारदात की जानकारी मिलने पर भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनित अग्रवाल शारदा राजीव से मिलने उनके घर पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी ली और एसएसपी व एसपी सिटी से वहीं बैठकर बात की। उन्होंने अधिकारियों से घटना के खुलासे के साथ माल की बरामदगी को भी कहा। वहीं, इस संबंध में एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि वारदात के खुलासे को कई टीमें लगा दी गयी हैं। घर के नौकरों से भी पूछताछ की गई है। सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए हैं। शीघ्र ही वारदात खोल दी जाएगी।

ये था मामला

210-बी में रियल स्टेट कारोबारी राजीव सिंहल उर्फ तन्नू का परिवार रहता है। परिवार में पत्नी डिंपल के अलावा तीन बेटे पार्थ, अर्जुन और सार्थक हैं। सार्थक नोएडा में रहकर पढ़ाई करता है। जबकि पार्थ व अर्जुन माता-पिता के साथ रहते हैं। बताया जाता है कि राजीव सिंहल शुक्रवार तड़के पत्नी डिंपल के साथ वृंदावन की यात्रा के लिए निकल गए। घर पर पार्थ व अर्जुन रहे। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे दोनों भाई आबूलेन पर छोले भटूरे खाने के लिए घर का ताला लगाकर निकल गए।

करीब आधे घंटे बाद पार्थ ने अर्जुन को वापस पड़ोसी के घर छोड़ा और खुद छीपी टैंक स्थित साइट पर निकल गया। करीब साढ़े पांच बजे राजीव सिंहल के घर काम करने वाली महिला पहुंची। महिला ने पड़ोसी से चाबी लेकर जैसे ही मुख्य दरवाजा खोला और अंदर पहुंची तो वहां ताले टूटे देखकर दंग रह गई। घर में चोरी हो चुकी थी। बदमाश 12 लाख की नकदी और लाखों रुपये कीमत के जेवरात ले गए।

spot_imgspot_img

Subscribe

Related articles

UP: आज से मौसम में करवट, 35 जिलों में गरज-चमक और ओलावृष्टि की संभावना

जनवाणी ब्यूरो | यूपी: उत्तर प्रदेश में सक्रिय हुए नए...

उत्पाती होते बच्चों की मानसिकता

उषा जैन ‘शीरीं’ बच्चों का अधिकतम समय शिक्षा ग्रहण करते...

नफरत किस से करू…कैसे करूं?

क्या जमाना आ गया है, जहां कभी फोटो खिंचवाने...

क्या ममता करेंगी फिर से धमाल?

अब जब चुनाव की तारीखें घोषित हो चुकी हैं...
spot_imgspot_img